परिजनों ने उपायुक्त से लगाई सकुशल वतन वापसी की गुहार
प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में बगोदर प्रखंड के पांच प्रवासी मजदूरों को अफ्रीकी देश नाइजर में उग्रवादियों ने बीते अप्रैल माह में अगवा कर लिया था। घटना को चार महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक मजदूरों की सकुशल रिहाई नहीं हो पाई है।
इसे लेकर 19 अगस्त को अगवा मजदूरों के परिजन गिरिडीह जिला उपायुक्त द्वारा लगाए गए जनता दरबार में पहुंचे और मजदूरों की सकुशल वतन वापसी की गुहार लगाई।
जनता दरबार में उपस्थित परिजनों का कहना था कि मजदूर असुरक्षित हालात में फंसे हैं और घर लौटना चाहते हैं। अगवा मजदूरों के परिवारजन लगातार राज्य और केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है।

बता दें कि बगोदर प्रखंड के पांच प्रवासी मजदूरों को बीते 25 अप्रैल को नाइजर में हथियारबंद अपराधियों ने अगवा कर लिया था। घटना को करीब चार माह हो गए, लेकिन मजदूरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिजनों की चिंता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अपहृत मजदूरों में बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो रहिवासी चंद्रिका प्रसाद महतो, फलजीत महतो, राजू महतो, संजय महतो और मुंडरो के उत्तम महतो शामिल हैं। प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने सरकार से अपहृत मजदूरों की सकुशल रिहाई और सुरक्षित वापसी की मांग की है।
![]()













Leave a Reply