Advertisement

बोकारो पुलिस की छापेमारी में 154 किलो गांजा व् 240 बोतल अवैध शराब बरामद

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। गुप्त सूचना के बाद बीते 17 अगस्त की देर रात की गयी छापेमारी में बोकारो पुलिस ने बड़े पैमाने पर अवैध गांजा व् शराब बरामद किया है। इस क्रम में दो धंधेबाज भी पुलिस के हत्थे चढ़े है। छापेमारी में कई थाना क्षेत्र की पुलिस शामिल थी।

जानकारी के अनुसार बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरबिंदर सिंह के निर्देश पर बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में गोमिया थाना के हद में सियारी पंचायत के बिछा टोली स्थित एक मकान से लगभग 80 किलो गांजा और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया गया। छापेमारी अभियान की सफलता पर एसडीपीओ सिंह ने 18 अगस्त को बताया कि गांजा बेचने के आरोप में जरीडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार तीन आरोपियों की निशानदेही पर उक्त छापेमारी की गई है।

बताया कि छापेमारी से कुछ घंटे पूर्व मादक पदार्थों की खरीद बिक्री की रोकथाम के लिए जरीडीह पुलिस अभियान चला रही थी। इस दौरान एक किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ के क्रम में एक युवक सोनू कुमार राय ने बताया कि गोमिया थाना क्षेत्र के बिछा टोली रहिवासी सुजीत कुमार साव बृहद पैमाने पर गांजा और अवैध शराब का कारोबार चला रहा है। वहीं से वे व् अन्य गांजा लाकर बाजार में बेचते हैं। स्वीकारोक्ति बयान के बाद बिना समय व्यर्थ किये उक्त युवक को लेकर पुलिस गोमिया स्थित संबंधित तस्कर के मकान पर पहुंचा और मकान की घेराबंदी करते हुए छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी में उक्त मकान से 1-1 किलो के 80 पैकेट गांजा, पांच पेटी अवैध शराब एवं इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन जब्त किया गया है। इस दौरान मुख्य धंधेबाज सुजीत कुमार साव फरार होने में सफल रहा। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के कुम्हारडीह रहिवासी कारू साव के 23 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार साव तथा बिहार के सारण जिला के हद में भेल्दी थाना क्षेत्र के अरना लोकनाथपुर रहिवासी सुनील राय का 27 वर्षीय पुत्र सोनु कुमार राय शामिल है।

जबकि बरामद सामग्री में जरीडीह थाना क्षेत्र के कुम्हारडीह से एक किलोग्राम अवैध गांजा, पेटरवार थाना क्षेत्र से 75 किलोग्राम अवैध गांजा तथा गोमिया के सियारी से 78 किलोग्राम अवैध गांजा सहित स्टॉर्लिंग रिजर्व 180 एमएल का 47 बोतल, आइकॉनिक वाइट 180 एमएल का 46 बोतल, स्टॉर्लिंग रिजर्व 375 एमएल का 47 बोतल, रॉयल होल्ड कप व्हीस्की 750 एमएल का 24 बोतल सहित इलेक्ट्रोनिक वजन मशीन शामिल है।
छापामारी अभियान में गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, जरीडिह थाना प्रभारी विपिनचंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *