Advertisement

आरपीएफ ने बीते माह जुलाई में प्राप्त की बड़ी उपलब्धि

सोनपुर मंडल में वैक्यूम जंजीर खींचने की 200 घटनाओं में कुल 198 अभियुक्त पकड़े

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने माह जुलाई में अनावश्यक ट्रेन की जंजीर खींचने या वैक्यूम काटने की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए महत्वपूर्ण अभियान चलाया।

इस अभियान में रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अनुशासनहीन यात्रियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान अनावश्यक जंजीर खींचने या वैक्यूम काटने की कुल 200 घटनाएं घटित हुई। इस मामले में कुल 198 अभियुक्त पकड़े गए। पकड़े गए अभियुक्तों से रेल राजस्व के रूप में जुर्माने से ₹97,200 प्राप्त किया जा सका है।
यह आंकड़े दर्शाते हैं कि रेलवे सुरक्षा बल की कार्यप्रणाली न केवल तत्पर रही, बल्कि हर एक घटना पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

रेलवे सुरक्षा बल ने प्लेटफॉर्म, ट्रेनों तथा संवेदनशील रूटों पर लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई। सीसीटीवी निगरानी, प्रशिक्षित टीमों की तैनाती और सतर्कता अभियानों के जरिए ऐसे मामलों की रोकथाम की गई। पकड़े गए आरोपियों पर रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत जुर्माना एवं दंडात्मक कार्रवाई की गई। यात्रियों को जागरूक करने के लिए नियमित घोषणाएं, पोस्टर, वीडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनात्मक अभियान भी चलाए गए।

सोनपुर मंडल आरपीएफ द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि ट्रेन में बेवजह अलार्म चेन पुलिंग जैसी हरकतें ट्रेनों के समय पालन, तकनीकी सुरक्षा और रेल यात्रियों की सुविधा में गंभीर बाधा उत्पन्न करती हैं। कई बार यह कार्य बिना किसी आपात स्थिति के केवल व्यक्तिगत स्वार्थ या लापरवाही के कारण किए जाते हैं, जिससे न केवल यात्रा में विलंब होता है, बल्कि रेलवे संसाधनों का भी दुरुपयोग होता है। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल आपात स्थिति में ही अलार्म चेन का प्रयोग करें। अनावश्यक उपयोग न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे अन्य यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा भी प्रभावित होती है। यात्रियों से अपेक्षा है कि वे रेलयात्रा को सुरक्षित, समयबद्ध और अनुशासित बनाए रखने में सहयोग करे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *