Advertisement

बीसीसीएल के डीटी (पीएंडपी) ने किया कतरास क्षेत्र के खदानों का निरीक्षण

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के निदेशक तकनीकी परियोजना एवं योजना (डीटी पीएंडपी) मनोज कुमार अग्रवाल ने 17 अगस्त को जिला के हद में कतरास क्षेत्र के खदानों का औचक निरीक्षण किया।

निरिक्षण के दौरान डीटी पीएंडपी के साथ बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक राजकुमार अग्रवाल तथा अन्य क्षेत्रीय एवं परियोजना स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।
डीटी पीएंडपी अग्रवाल ने निरीक्षण की शुरुआत कतरास क्षेत्र के एकेडब्ल्यूएमसी और एएसजीकेकेसी परियोजना के खदानों के विभिन्न पैचों की संचालन स्थिति की समीक्षा से की। डीटी पीएंडपी ने एकेडब्ल्यूएमसी खदान में पंपिंग स्टेशन का दौरा कर इस वर्ष हुई भारी वर्षा को देखते हुए खदान में पानी के प्रवाह तथा पंपों की क्षमता का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को चौबीसों घंटे पंपों का संचालन सुनिश्चित करने और उनकी सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधन को कटापहाड़ी फेज टू हायर्ड पैच के प्रस्तावित विचलन को शीघ्र स्वीकृत करने की सलाह दी, जिसे उन्होंने उत्पादन बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कहा कि जब तक जल निकासी का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता तबतक उत्पादन कार्य में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

इसके बाद उन्होंने एएसजीकेकेसी खदान के चोइटूदीह पैच-बी का निरीक्षण किया, जहाँ बताया गया कि 3000 जीपीएम क्षमता का हाई टेंशन पंप स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को यह पंप आगामी 20 अगस्त तक स्थापित करने तथा दो अतिरिक्त पंप लगाने का निर्देश दिया, ताकि जल निकासी का कार्य तेजी से पूरा हो सके। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को हरसंभव कदम उठाकर यथाशीघ्र उत्पादन शुरू करने का निर्देश दिया। विभिन्न पैचों में व्यापक जलजमाव की स्थिति देखते हुए डीटी पीएंडपी अग्रवाल ने कतरास क्षेत्र की टीम को नवाचारपूर्ण एवं परंपरागत सोंच से अलग उपाय अपनाने की सलाह दी।

जिससे जल निकासी कार्य तेज़ी और दक्षता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई ही कतरास क्षेत्र को लक्षित उत्पादन प्राप्त करने और मौजूदा कमी को दूर करने में सहायक होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *