गोविंदपुर डी पंचायत भवन में बैठक कर पंचायत प्रतिनिधियों ने लिया निर्णय
राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के गोविंदपुर डी पंचायत भवन में 10 अगस्त को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता मुखिया चन्दना मिश्रा ने की।
बैठक में डीवीसी द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का जमकर विरोध किया गया। साथ ही उपभोक्ताओं को झारखंड सरकार की तरह दो सौ यूनिट बिजली प्रतिमाह फ्री देने की मांग की गयी। बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध में आगामी 13 अगस्त को डीवीसी बोकारो थर्मल के प्रशासनिक भवन के समक्ष प्रदर्शन कर सात सूत्री मांग पत्र सौंपने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो, भाजपा के पूर्व बोकारो जिलाध्यक्ष भारत यादव, मोतीलाल महतो, श्रवण सिंह, उप मुखिया देवंती देवी, कांग्रेस नेता रिंकू सिंह, महेश सिंह, सुषमा कुमारी, रामेश्वर साव , नागेश्वर प्रजापति सहित सैकड़ो रहिवासी उपस्थित थे।

ग्रामीणों के सात सूत्री मांगों में मुख्य रूप से गोबिंदपुर डी पंचायत के निजी कॉलोनियों के आवासों में स्मार्ट मीटर लगाने का प्रस्ताव स्थगित किया जाय, डीवीसी के विद्युत् उपभोक्ताओं को झारखंड सरकार के तर्ज पर 200 यूनिट बिजली मुफ्त में दिया जाय, बोकारो ताप विद्युत् केंद्र के अपने आवासीय परिसर में जहाँ स्मार्ट मीटर लगाया गया है, वहाँ से स्मार्ट मीटर हटा कर पोस्ट पेड मीटर के माध्यम से बिल भुगतान की व्यवस्था पूर्ववत किया जाय, बोकारो ताप विद्युत् केंद्र के अपने आवासीय परिसर में स्मार्ट मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं के विवादित बिल की समस्या का निवारण स्थानीय स्तर पर यथाशीघ्र किया जाय।
डीवीसी के विद्युत् उपभोक्ताओं के विवादित बिल का निवारण अथवा अन्य समस्याओं के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था बनाया जाय, बीटीपीएस के अपने आवासीय परिसर अथवा निजी कालोनियों में डीवीसी के विद्युत् उपभोक्ताओ को निर्बाध रूप से विद्युत् आपूर्ति सुनिश्चित किया जाय, विद्युत् उत्पादन में संलग्न डीवीसी कर्मियों एवं ठेका श्रमिको के साथ समान्य उपभोक्ताओं जैसा व्यवहार बंद किया जाय तथा उन्हें रियायत दिया जाय आदि मांगे शामिल हैं।
![]()













Leave a Reply