Advertisement

महाराष्ट्र-हरियाणा में बेहद सुस्त वोटिंग

साभार/ नई दिल्ली। आम चुनाव के बाद देश के पहले बड़े चुनाव कहे जा रहे महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा (Maharashtra-Haryana Assembly Election) के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। महाराष्ट्र की 288 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों की 51 सीटों पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है। महाराष्ट्र में दोपहर 12 बजे तक 16 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि हरियाणा में दोपहर 12 बजे तक 23 प्रतिशत मतदान हुआ है।

हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर तो वहीं महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इन दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार है, लेकिन इस बार विपक्ष (Congress) भी वापसी की पूरी कोशिशें कर रहा है। हरियाणा में बीजेपी अकेले दम पर सत्ता में है तो महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ गठबंधन की सरकार चला रही है। सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। इस बीच गुरुग्राम और फरीदाबाद में EVM में गड़बड़ी आने की खबरें हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल क्षेत्र में स्थित एक पोलिंग बूथ पर साइकिल से वोट डालने पहुंचे जबकि दुष्यंत चौटाला ट्रैक्टर से वोट डालने पहुंचे।

एनसीपी की नेता सुप्रिया सुले ने अपना वोट डालने के बाद कहा कि, ‘हम सभी बारामती में वोट डालने आए हैं। हम निश्चित रूप से सरकार बनाने जा रहे हैं।यह विधानसभा का चुनाव है और हमें केवल विकास के लिए वोट डालना चाहिए। दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ आज देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों के लिए भी उपचुनाव हो रहा है। इनमें उत्तर प्रदेश की रामपुर समेत 11 सीटों, गुजरात की 6, बिहार की 5, असम की 4 और हिमाचल प्रदेश व तमिलनाडु की 2-2 विधानसभा सीटें शामिल हैं।

हरियाणा में चुनाव लड़ रहे प्रमुख उम्मीदवारों में सीएम खट्टर (करनाल), पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला किलोई), रणदीप सिंह सुरजेवाला (कैथल), किरण चौधरी (तोशाम) और कुलदीप विश्नोई (आदमपुर) और जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचना कलां) शामिल हैं।

वहीं महाराष्ट्र में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री फडणवीस, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण और पृथ्वीराज चह्वाण शामिल हैं। फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से जबकि अशोक चव्हाण एवं पृथ्वीराज चव्हाण नांदेड़ जिले की भोकार और सतारा जिले की कराद दक्षिण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *