संवाददाता/ मुंबई। विधान सभा चुनाव (Maharashtra Assembly Election) को लेकर कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को धता बताकर मुंबई में एक व्यक्ति के अवैध हथियार लेकर घुमने से कान खड़े हो गए हैं। डीएन नगर पुलिस ने पिस्तौल एवं जीवित कारतूस के साथ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह 15 दिन पहले पिस्तौल लेकर पश्चिम बंगाल से आया था। वह अवैध हथियार के साथ मुंबई किस मकसद से आया था और उसके आपराधिक रिकार्ड की पुलिस छानबीन कर रही है।
डीएन नगर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक विकास पाटिल को गुप्त सूचना मिली कि अंधेरी (प.) एमए रोड स्थित बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति पिस्तौल लेकर घुम रहा है। पुलिस टीम ने उसे ट्रैप लगाकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से पिस्तौल एवं 3 जीवित कारतूस बरामद हुए। उसकी पहचान रॉबिन गोपालचंद्र दास के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो पता चला कि वह पश्चिम बंगाल से 15 दिन पहले मुंबई (Mumbai) आया था। उसने पिस्तौल बेचने के लिए लाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राज्य में विधान सभा चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद से पुलिस ने अब तक 626 अवैध हथियार, 260 जीवित कारतूस एवं 46 जिलेटिन जब्त किया है।
![]()












Leave a Reply