संवाददाता/ मुंबई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 13 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव को लेकर मुंबई व लातूर में हुंकार भरेंगे। मुंबई में धारावी के अलावा उपनगर में एयरपोर्ट कॉलोनी के पास राहुल की दो बड़ी सभाओं का आयोजन किया गया है। इसके अलावा वे लातूर में भी पार्टी का प्रचार करेंगे। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ ने कहा कि राहुल के आने से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
राहुल के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) व महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की भी मुंबई में सभा आयोजित किए जाने के प्रयास चल रहे हैं। गायकवाड़ ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि राहुल के अलावा सोनिया व प्रियंका मुंबई में विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाग लेंगी। राहुल की सभा को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गायकवाड़ के अलावा चरणसिंह सप्रा, संदेश कोंडविलकर व अशोक सुत्राले मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राहुल के लिए विधानसभा चुनाव में प्रचार करना एक बड़ी चुनौती है. मुंबई में राहुल के करीबी नेता मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) व संजय निरुपम (Sanjay Nirupam) को स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं किया गया है। निरुपम इन दिनों अपने करीबी नेता को टिकट नहीं दिए जाने के बाद बगावती तेवर अपनाए हुए हैं।
उन्होंने तो यहां तक कह दिया है कि मुंबई में 4 उम्मीदवारों को छोड़ सभी की जमानत जब्त होने वाली है। दूसरी ओर देवड़ा ने भी मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद विधानसभा चुनाव प्रचार से दूरी बना ली है। पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। इन विषम परिस्थितियों में राहुल के लिए मुंबई कांग्रेस को एकजुट कर विधानसभा चुनाव में प्रचार करना एक बड़ी परीक्षा से कम नहीं है। राहुल को पार्टी के अंदर व बाहर दोनों फ्रंट पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
![]()












Leave a Reply