पहलेजा-गरीबनाथ कांवर यात्रा को लेकर सोनपुर अनुमंडल प्रशासन सजग
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावणी मेला को लेकर सारण जिला के हद में पवित्र गंगा नदी तट पहलेजा धाम में चहल-पहल शुरू हो गई है। यहां कतारबद्ध दुकानें सजने लगी है। यहां अवस्थित गंगा माता मंदिर भी श्रावण माह में आनेवाले कांवरिया भक्तों को दर्शन के लिए सज-धज कर तैयार है।
ज्ञात हो कि, आगामी 11 जुलाई से आरंभ हो रहे श्रावणी मेला में इस बार यहां स्नानार्थियों की भीड़ अत्यधिक होने की संभावना है। आगामी 14 जुलाई को प्रथम सोमवार है, इसलिए 11 जुलाई शुक्रवार को पहलेजा धाम में कांवरियों की भीड़ उमड़ेगी। कांवरियों का जत्था यहां दक्षिणायनी गंगा नदी से अपने कांवर में जल लेकर पैदल पांव लगभग 60 किलोमीटर दुर मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ मंदिर की ओर पहलेजा – हरिहरनाथ निचली कांवरिया पथ से अपनी यात्रा आरंभ करेंगे। इस दौरान इनका प्रथम रात्रिकालीन पड़ाव हरिहरनाथ मंदिर व् आसपास के मठ – मंदिर एवं नदी घाट होंगे। पहलेजा से हरिहरनाथ सोनपुर की दूरी साढ़े छह किलोमीटर दुर बताया जा रहा है।
प्रथम सोमवारी को लेकर 5 जुलाई को कांवरियों का जत्था सोनपुर हाजीपुर पुराने गंडक पुल से हाजीपुर होते मुजफ्फरपुर की ओर बढ़ती जायेगी। अभी इस सड़क पर कई स्थानों पर घरों से निकलने वाले नाला का पानी बह रहा है। कई जगहों पर सड़क किनारे कचड़ा अभी भी जमा है, जिसे हटाने की जरूरत है।
वैसे, पहलेजा धाम में स्नान और कांवर यात्रा को लेकर सोनपुर अनुमंडल प्रशासन सजग है। पहलेजा धाम में कांवरिया पथ में पड़ने वाले गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी भी गिराए गए हैं। नव निर्मित पहलेजा थाना भवन के इर्द-गिर्द भी सड़क की साफ – सफाई जारी है। नगर पंचायत के कार्यपालक अभियंता को पहलेजा घाट पर भी पर्याप्त चलंत शौचालय निर्माण के लिए निर्देश दिए गए हैं। अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा ने सोनपुर के अंचलाधिकारी एवं पहलेजा थानाध्यक्ष को घाट के आसपास लगाए गए दुकानों व अतिक्रमण को हटाने के साथ ही कांवरिया पथों पर पड़े ईंट -पत्थर आदि को हटवाने के लिए भी निर्देश दिया गया है।
पहलेजा घाट पर रौशनी, साफ -सफाई, पेयजल एवं महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम आदि की व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया है। घाट पर कांवरियों के स्नान के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए नाव, नाविक, महाजाल, मोटरवोट एवं प्रशिक्षित गोताखोर भी तैनात रहेंगे।
सोनपुर के विधायक प्रतिनिधि मनोज राय ने प्रशासन से कहा है कि पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक आने वाली निचली रोड पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पानी गिराया जाता है, जिससे कांवरिया श्रद्धालुओं एवं स्थानीय जनों को पहलेजा घाट से जल भर कर बाबा हरिहरनाथ मंदिर आने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक निचली रोड में लाईटिंग की पर्याप्त व्यवस्था कराये जाने की भी मांग की।
बताया जाता है कि पहलेजा घाट में शुक्रवार से सोमवार तक भीड़ होती है। भीड़ ज्यादा होने के साथ – साथ दोपहिया -चारपहिया वाहनों के नवडीहा की ओर से पहलेजा घाट तक आने जाने के कारण रोड जाम हो जाता है तथा कांवरिया भक्तों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय भाजपा नेता एवं सिवान जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा ने भी निचली रोड में जहां से नगर पंचायत सीमा प्रारम्भ होने का बोर्ड लगा है, ग्रामीणों द्वारा रोड पर ही पानी गिराने के कारण हुए गड्ढे की मरम्मत कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
पुर्व में श्रावणी मेला को लेकर संपन्न बैठक में कनीय अभियंता पथ निर्माण विभाग सोनपुर ने भी इस बात को स्वीकार किया था कि पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर आने वाली इस रोड में ग्रामीणों द्वारा पानी रोड पर ही गिराने के कारण सड़क टूट जाता है। लालू यादव चौक के समीप 3 नम्बर रेलवे ढाला से पहलेजा तक रेलवे की कच्ची रोड को मिट्टी भरवाकर मरम्मत कराने की आवश्यकता है। गड्ढों को भरने के लिए पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता को निर्देश दिया जा चुका है।
पहलेजा धाम के उन्नयन और विकास के लिए समर्पित लालबाबू राय ने यहां पर्याप्त पेयजल, शौचालय/लाईट की व्यवस्था करने, लालू यादव चौक से पहलेजा घाट तक कांवरिया मेन रोड की मरम्मती और घाट में मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के साथ ही छोटे रैन बसेरा के स्थान पर बड़ा रैन बसेरा बनाने की मांग की है। एसडीआरएफ टीम एवं विशेष पुलिस बल तथा घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की भी मांग की है।
![]()













Leave a Reply