ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट ओपी परिसर में 3 जुलाई को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
ओपी प्रभारी छटन महतो की अध्यक्षता में मोहर्रम शांतिपूर्ण मनाने को लेकर शांति समिति बैठक आहूत की गई। जिसमें शांति समिति के सभी सक्रिय सदस्य एवं प्रतिनिधिगण शामिल हुए। बैठक के दौरान मोहर्रम के आयोजन से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान जिन स्थानों पर विद्युत पोल हैं, लेकिन लाइट नहीं जल रही हैं, उनकी मरम्मत कराने तथा अन्य जरूरी तैयारियों को लेकर सुझाव और निर्णय लिए गए।
मौके पर थाना प्रभारी छटन महतो ने उपस्थित गणमान्य जनों से कहा कि सभी को आपसी सौहार्द और संयम के साथ पर्व मनाना चाहिए। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि या सूचना की स्थिति में तुरंत थाना से संपर्क करें या आवश्यकता होने पर सीधे उनके मोबाइल नंबर पर भी कॉल किया जा सकता है। इस दौरान सभी पक्षों ने अपने-अपने विचार रखे, जिसे ध्यानपूर्वक सुनकर थाना प्रभारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन की अपील की।
मौके पर पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो, गोमिया अंचल पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार, तेनुघाट पंचायत की मुखिया पति संतोष श्रीवास्तव, मिथुन चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply