मृतका के पति ने की 12 को डीसी ऑफिस के समक्ष सपरिवार आत्मदाह की घोषणा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के चट्टी रहिवासी राजकुमार दत्ता ने अपनी पत्नी निशा की मौत मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होने और पुलिस द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने से परेशान होकर आगामी 12 जुलाई को बोकारो डीसी ऑफिस के सामने सपरिवार आत्मदाह की चेतावनी दी है।
मृतका के पति ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता में कहा कि एक थाना दूसरे पर मामला थोपकर टरका रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आगामी 11 जुलाई तक उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आगामी 12 जुलाई को अपने पूरे परिवार के साथ आत्मदाह के लिए बाध्य होंगे। दत्ता ने बताया कि बीते 27 मई को प्रसव पीड़ा के बाद उन्होंने पत्नी निशा देवी को धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया था। अगले दिन सिजेरियन डिलीवरी के बाद बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर निशा को रिम्स रांची रेफर किया गया।
वहां इलाज के दौरान 14 दिनों बाद पता चला कि प्लेसेंटा मरीज के पेट में रह गया था, जिससे हालत लगातार बिगड़ती गई और 27 जून को दोनों किडनी फेल होने से निशा की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मौत के एक सप्ताह बाद भी न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही प्रशासन ने कोई संज्ञान लिया है। पूरा परिवार इस समय गहरे सदमे और भुखमरी की स्थिति में है। दत्ता ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की अपील की है, अन्यथा आत्मदाह के लिए जिम्मेदार सिस्टम होगा।
![]()













Leave a Reply