Advertisement

इंडिया गठबंधन की बैठक में 9 जुलाई की हड़ताल की सफलता को लेकर बनी रणनीति

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। केंद्र की मोदी सरकार की मजदूर व् देश विरोधी कॉरपोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ 4 श्रम संहिता पर रोक लगाने, 12 घंटे कार्य दिवस आदेश व नये फौजदारी कानून रद्द करने, बिहार में गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, निजीकरण एवं एनपीएस पर रोक लगाने आदि मांगों को लेकर 9 जुलाई की देशव्यापी मजदूर हड़ताल की सफलता को लेकर 3 जुलाई को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर के जनता मैदान में इंडिया गठबंधन की बैठक आयोजित की गई।

अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। बैठक में आंदोलनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में आगामी 9 जुलाई को ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर प्रस्तावित आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए स्कीम वर्कर्स, मजदूर-किसान का जीबी बैठक, नुक्कड़ सभा, प्रचार- प्रसार समेत व्यापक तैयारी करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि हड़ताल के दिन 9 जुलाई को मजदूर-किसान अपना काम बंद रखकर सुबह 9 बजे गांधी चौक ताजपुर से जुलूस निकालेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. नूर आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने, स्थायी काम की गारंटी करने, ठेका कर्मचारियों के लिए समान काम का समान वेतन की नीति लागू करने आदि मुद्दों को लेकर यह हड़ताल जनाक्रोश का प्रतीक होगा।

भाकपा अंचल मंत्री रामप्रीत पासवान ने केंद्र सरकार की उपेक्षापूर्ण एवं जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाकर गरीब एवं वंचित तबकों का नाम मतदाता सूची से बाहर करने की साज़िश कर रही है जो निंदनीय है। यह लोकतंत्र एवं संविधान के खिलाफ है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मल्लिक ने ताजपुर वासियों से आम हड़ताल एवं बिहार बंद आंदोलन को सक्रिय समर्थन देकर बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की। मौके पर वीआईपी के प्रखंड अध्यक्ष फैजान अहमद, भाकपा के शंकर राय, राजेश कुमार, रामबृक्ष राय, विश्वनाथ पंडित, कांग्रेस के मो. मोईन रजा, कमरूल हसन, अबू हैदर, मो. अरमान, संजय राय, राजद के मो. शकील, भाकपा माले के आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. मुन्ना, मो. नेमत, मो. तबरेज आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण मौजूद थे।

एक अन्य जानकारी के अनुसार कर्पूरीग्राम की बेटी मोनिका की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर समस्तीपुर शहर के मवेशी अस्पताल से आइसा ने जुलूस निकाला। नेतृत्व ऐपवा समस्तीपुर जिलाध्यक्ष बंदना सिंह कर रही थी। जुलूस समाहरणालय पहुंचकर प्रशासन से लापता छात्रा की सकुशल वापसी की मांग की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *