राजद विधायक ने की मृत कैदी के आश्रित को 20 लाख मुआवजा देने की मांग
प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल में 3 जुलाई की प्रातः पुलिस अभिरक्षा में एक कैदी का इलाज के दौरान मौत हो गयी। कैदी की मौत की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिवार, गांव वाले और महुआ के राजद विधायक मुकेश रोशन और उनके समर्थको ने अस्पताल परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। परिजनों द्वारा मृत कैदी को पुलिस द्वारा पिटाई के कारण मृत्यु होने का आरोप लगाया जा रहा है।
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक वैशाली जिला के हद में महुआ-मुजफ्फरपुर मार्ग पर चेहराकला प्रखंड के कटहरा ओपी क्षेत्र के सरसीकन पंचायत के किशुनपुर तिलौर रहिवासी स्वर्गीय मैनेजर सहनी के 55 वर्षीय पुत्र वैद्यनाथ साहनी है। आरजेडी नेताओं ने बैद्यनाथ सहनी की हत्या गंगा ब्रिज थाना में पुलिस कस्टडी में दरोगा श्रवण साह द्वारा मारपीट किए जाने से हुआ बताया जा रहा है।
महुआ विधायक ने हत्या की घटना को दुःखद बताते हुए पुलिसिया दमन के विरुद्ध आवाज बुलंद की एवं घटना की न्यायिक जांच की मांग की है। घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि गंगा ब्रिज थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में बीते 2 जुलाई की रात आरोपी बैधनाथ सहनी को गिरफ्तार किया था। अचानक तबीयत खराब होने के बाद उसे ईलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां 3 जुलाई की सुबह उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में बीते 28-29 जून की रात्रि एक ट्रैक्टर चोरी का मामला प्रतिवेदित हुआ था।जिसका प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में 2 जुलाई की रात्रि लगभग 8 बजे आरोपी गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। उसके बाद उसे थाना लाया गया। थाना पहुंचने के उपरांत उसकी तबीयत कुछ बिगड़ गई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।
![]()













Leave a Reply