एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के सांस्कृतिक संस्था त्रिवेणी कला केन्द्र द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से 18 एवं 19 मई को दो दिवसीय संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राजधानी पटना के प्रेमचंद रंगशाला में सायं 5.30 से आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव के प्रथम दिवस 18 मई को उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सोनी श्रीवास्तव, टिकुली कला विशेषज्ञ पद्मश्री अशोक कुमार बिस्वास, वार्ड क्रमांक 43 के वार्ड पार्षद रजनी सिन्हा, संस्था के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार तथा सचिव विजय कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की उद्घोषणा सोमा चक्रवर्ती ने की।
इस वर्ष 2025 का संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान भागलपुर के प्रसिद्ध तबला वादक पंडित गोकुल प्रसाद मिश्र तथा वैशाली के शास्त्रीय गायन गुरु शिलानाथ सिंह को प्रदान किया गया। जानकारी देते हुए कलाकार साझा संघ के सचिव व् प्रसिद्ध रंगकर्मी मनीष महीवाल ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन 18 मई को त्रिवेणी कला केन्द्र पटना के कलाकारों द्वारा शारदा वंदना की प्रस्तुति की गयी। इसके बाद शुभाश्री मिश्रा एवं दल द्वारा शिव स्तुति तथा नयी दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ मिश्रा द्वारा शास्त्रीय गायन की भावभीनी प्रस्तुति की गयी।
अंत में मानसी बहरा द्वारा ओडीसी नृत्य की प्रस्तुति की गयी। तबला पर शांतनु रॉय तथा योगेश्वर मिश्रा व् हारमोनियम पर संतोष कुमार संगत दे रहे थे। महीवाल ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 19 मई की संध्या अनुदीप डे द्वारा गायन, रुम्पा डे के दल द्वारा गणेश वंदना एवं तराना, तथा राम चन्द्र द्वारा भरतनाट्यम नृत्य का प्रदर्शन किया जायेगा।
28 total views, 28 views today