ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के पतकी पंचायत के बगजोबरा गांव से बीते चार महीनों से लापता 20 वर्षीय युवक दीपक कुमार का कंकाल 31 मार्च को बरामद किया गया है। परिजनों ने उसके कपड़े और मोली धागे के आधार पर शव की पहचान की। इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिला के हद में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अचलजामो रहिवासी गुंजन रजवार का पुत्र दीपक कुमार पिछले दो वर्षों से अपने ननिहाल बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बगजोबरा में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार बीते वर्ष 11 दिसंबर की सुबह वह घर से निकला था, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जाता है कि युवक के लापता होने की सूचना पर परिजनों ने पेटरवार थाना में आवेदन देकर उसकी जल्द से जल्द खोजबीन की मांग की गयी थी। इसके साथ ही झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से भी न्याय की गुहार लगाई थी। मंत्री ने मामले में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था, लेकिन महीनों तक युवक का कोई पता नहीं चला। चार महीने बाद, ग्रामीणों को बगजोबरा के जंगल में एक कंकाल पड़ा पाया। जब पास में बिखरे कपड़े और मोली धागा देखा गया, तो संदेह गहरा गया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और धागे के आधार पर उसकी पहचान दीपक कुमार के रूप में की। बेटे की इस हालत में खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दीपक कुमार रजवार अपने घर का इकलौता चिराग था, जो अपने मामा विनोद रजवार के घर बगजोबरा में लगभग दो वर्षों से रह रहा था। यहीं रहकर वह कंप्यूटर क्लास पेटरवार में करता था। मृतक अचलजामो विष्णुगढ़ थाना हजारीबाग का रहिवासी था। मृतक एक भाई और दो बहन था और दोनों बहन से वह बड़ा था।
इस बारे में बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मृतक का कंकाल मिलने की सूचना मिला है। पूरा मामला जांचपुर्ण होने के बाद ही बताया जा सकता है। कहा कि अभी जांच चल रही है।
घटनास्थल पर जिला परिषद सदस्य माला कुमारी, झामुमो नेता मनोज टुडू, नारायण गंझू, संजय कुमार सहित अन्य दर्जनों रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply