लालगंज में राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर 25 फरवरी को वैशाली जिला के हद में लालगंज विधानसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने दावा किया कि उनके बिना बिहार में किसी की सरकार नहीं बनेगी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। पारस ने कहा कि बिहार की कमान जिन नीतीश कुमार के हाथों में है, वे अब प्रदेश को चलाने लायक नहीं रह गए हैं।

पारस ने कहा कि नीतीश 20 साल से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री हैं। जनता उनसे उसी तरह ऊब चुकी है, जिस प्रकार एक ही तरह की नमकीन या मीठा खाने से किसी का मन ऊब जाता है। उन्होंने कहा कि बगिया का अच्छा माली वही होता है, जो सब फूलों की रक्षा करें। मगर 20 साल के नीतीश शासन में बिहार में गरीब, दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। न कहीं कोई उद्योग लगा और न ही बेरोजगारी दूर हुई। और तो और न ही कानून व्यवस्था में सुधार हुआ।

कार्यकर्ता सम्मेलन को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज और पार्टी के सचिव अमर कुमार सिंह के अलावे स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया। खास यह कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हाजीपुर के पूर्व सांसद पशुपति कुमार पारस वैशाली जिले में काफी सक्रिय हो गए हैं। वे हर मीटिंग में अपने पुत्र यश राज को जनता के बीच प्रस्तुत कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि, अभी वर्तमान में पशुपति कुमार पारस के दिवंगत भाई पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के मंत्री पुत्र चिराग पासवान हाजीपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री भी हैं। यह क्षेत्र रामविलास पासवान का रहा है, जिस पर अपनी बादशाहत कायम करने के लिए चिराग पासवान और पशुपति पास के बीच जंग छिड़ी हुई है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास पासवान की पारिवारिक पार्टी रही है। उनके कार्यकाल में उनके भाई भतीजे ही सांसद और विधायक होते आए और आज भी बिहार से लोकजन शक्ति पार्टी के जो सांसद हैं उनमें एक चिराग पासवान खुद हाजीपुर से सांसद हैं, जबकि उनके बहनोई जमुई से सांसद हैं।

लोक जनशक्ति पार्टी में विभाजन के बाद पशुपति कुमार पारस और उनके भतीजे प्रिंस राज राजनीति में अलग-थलग पड़ चुके हैं, जिनको बिहार का कोई भी गठबंधन अभी भाव नहीं दे रहा है। पारस अपने जीवन काल में ही अपने पुत्र यशराज को राजनीति में स्थापित करने के लिए जी जान लगाए हुए हैं। पशुपति पारस के राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी में जिले के एकमात्र विधान पार्षद सदस्य हैं। जिले का लालगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार शाह पशुपति पारस के साथ है, क्योंकि अभी लालगंज विधानसभा से भाजपा के विधायक हैं। जिस वजह से आगामी विधानसभा चुनाव में यह सीट भाजपा के खाते में जाएगी।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पारस अपनी पार्टी की ओर से लालगंज में राजकुमार शाह या उनके किसी परिवार के सदस्य को चुनाव में टिकट दे सकते हैं, क्योंकि लालगंज क्षेत्र में वैश्य मतदाताओं की संख्या अधिक है। जिस वजह से आज लालगंज विधानसभा क्षेत्र में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में काफी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

 96 total views,  96 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *