Advertisement

महाशिवरात्रि को लेकर डीएम एवं एसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक

किसी भी सार्वजनिक आयोजन में डीजे प्रतिबंधित-समीर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। महाशिवरात्रि के अवसर पर सामान्य विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर 24 फरवरी को जिलाधिकारी (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) की अध्यक्षता में सारण जिला समाहरणालय सभा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कज गयी। बैठक में सभी शांति समिति के सदस्यों से एक – एक कर विगत अनुभवों के आधार पर महत्वपूर्ण सुझाव एवं फ़ीडबैक लिया गया।

शांति समिति की बैठक में महाशिवरात्रि पर सभी शोभा यात्रा मार्ग में बिजली के लटकते तारों को ठीक कराने एवं पर्याप्त साफ सफाई के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। कहा गया कि जुलूस मार्ग में कुछ स्थलों पर वृक्षों की टहनियों की छंटाई सुनिश्चित कराया जायेगा। डीएम द्वारा कहा गया कि शोभायात्रा के आगे कुछ दूरी पर प्रशासन के स्तर से मोबाइल रोशनी की व्यवस्था की जायेगी। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

बैठक में कहा गया कि जिले में निकलने वाले सभी जूलूस को प्रशासन द्वारा एस्कॉर्ट किया जायेगा। महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्त रहेंगे। यातायात व्यवस्था को बनाये रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्युत आपूर्ति को बंद कर दिया जाता है। जिन क्षेत्रों से शोभायात्रा गुजर जायेगी, उन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति को दिया गया। शोभायात्रा के सभी मार्गों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में आगामी होली को लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिये कैम्प कोर्ट लगाकर ऐसे तत्वों के विरुद्ध बाउंड डाउन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।उपर्युक्त मामलों में सीसीए के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव देने को कहा गया। आसूचना संकलन के लिए तत्परता से कार्रवाई करने को कहा गया।

विधि व्यवस्था को लेकर छोटी – छोटी घटनाओं को भी संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर लक्ष्मण तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात बसंती टुड्डू के साथ ही विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्यगण तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी आदि जुड़े थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *