थावे विद्यापीठ के तत्वावधान में होगा एक दिवसीय विशेष अधिवेशन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। कला,साहित्य और संस्कृति के विकास को समर्पित थावे विद्यापीठ के तत्वावधान में आगामी 9 मार्च को सारण जिला के हद में सोनपुर के हरिहरनाथ क्षेत्र स्थित लोक सेवा आश्रम सभागार में एक दिवसीय विशेष अधिवेशन का आयोजन होगा। अधिवेशन में देशभर के विद्वान, साहित्यकार, कलाकार, पत्रकार, साहित्यसेवी एवं समाजसेवी भाग लेंगे।
विशेष अधिवेशन के स्थानीय संयोजक विश्वनाथ सिंह ने 22 फरवरी को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि लोक सेवा आश्रम के संत बाबा विष्णुदास उदासीन (मौनी बाबा) के मार्गदर्शन में इस अधिवेशन में देश के आधा दर्जन से अधिक राज्यों और 20 से अधिक शहरों से प्रतिभागियों की उपस्थिति होगी। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में तीन सत्रों का संचालन होगा। प्रथम सत्र में काव्य पाठ (वसंत-काव्योत्सव), दूसरे सत्र में संगीतमय फूलों की होली और तीसरे सत्र में व्याख्यान एवं सम्मानोपाधियां अर्पित की जाएंगी। इस अवसर पर पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं का लोकार्पण भी होगा।
अधिवेशन संयोजक सिंह ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए ग्यारह सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें श्रीमहंत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा को संरक्षक, अनिल सिंह गौतम को अध्यक्ष, सुरेन्द्र मानपुरी, अभय कुमार सिंह को सह संयोजक, रवि रंजन को सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति अध्यक्ष, अभय प्रकाश सिंह को आवासन, साज-सज्जा समिति अध्यक्ष, शंकर सिंह को महासचिव, सुनील कुमार यादव को सचिव, संजीत कुमार एवं विपिन कुमार सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है।
ज्ञात हो कि विद्यापीठ द्वारा यहां प्रति वर्ष फूलों की होली का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में रंग और गुलाल का उपयोग नहीं किया जाता है। साथ ही विभिन्न प्रकार के पुआ – पकवानों की व्यवस्था होती है। उपस्थित रहिवासी संगीतमय होली के साथ पकवानों का रसास्वादन करते हुए वसंत और होली का आनंद एक साथ उठाते हैं।
54 total views, 3 views today