रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें 10 फरवरी की दोपहर सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें विशेष विमान एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया गया है। उनके साथ उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद हैं। फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं हुई है, और स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद ही उनकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
ज्ञात हो कि गुरूजी (शिबू सोरेन) का रांची के मेदांता अस्पताल में प्रारंभिक जांच के बाद, डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल निर्णय लेते हुए विशेष विमान से उन्हें दिल्ली रवाना किया। फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। यह पहली बार नहीं है जब शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ी हो।
साल 2023 में, जब वे अपने बेटे हेमंत सोरेन के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शामिल होने दिल्ली गए थे, तब भी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब भी हेमंत सोरेन पूरे समय उनके साथ थे। शिबू सोरेन झारखंड की राजनीति का एक बड़ा नाम हैं। उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा का संस्थापक और प्रमुख नेता माना जाता है।
वे यूपीए सरकार में कोयला मंत्री भी रहे, लेकिन चिरूडीह हत्याकांड में नाम आने के बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अपने पिता शोभराम सोरेन की हत्या के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और झारखंड की राजनीति में एक मजबूत नेता के रूप में उभरे। उन्हें गुरुजी के नाम से भी जाना जाता है।
52 total views, 52 views today