प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन हजारीबाग जिला के हद में चरही घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
बताया जाता है कि उक्त हादसा एनएच-33 पर चरही घाटी स्थित बिरसा मैदान के समीप के तीखे मोड़ पर हुआ, जब श्रद्धालुओं की टाटा सूमो क्रमांक-JH 01DJ/2976 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। सभी यात्री रांची के बेड़ो से महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएँ थीं, जिनकी पहचान अंश देवी (गुमला(, संजू देवी (आदिवासी चौक आईटीआई रांची), सोनी देवी आदिवासी चौक आईटीआई (रांची) शामिल हैं। वही घायलों में रंजू देवी आईटीआई चौक रांची, उमा देवी की बेटी, उमा देवी आईटीआई चौक रांची, रंजू देवी की माँ, पुनीता देवी बुंडू, असिता देवी मांडर, ज्योति देवी रांची शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु बीते 8 फरवरी को किराए की कार से प्रयागराज महाकुंभ के लिए रवाना हुए थे। सभी ने 9 फरवरी को संगम में स्नान करने के बाद रात में रांची लौटने के लिए निकले। जब वाहन चरही घाटी के पास पहुंचा, तभी एक कोयला लदी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
इस टक्कर से श्रद्धालुओं की टाटा सूमो भी संतुलन खो बैठी और ट्रक से टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय रहिवासियों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
43 total views, 43 views today