Advertisement

जनता मैदान में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न

स्थानीय स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं से वसूली एवं शोषण बंद हो-सविता कुमारी

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ (ऐक्टू) के पदधारकों की बैठक 30 जनवरी क़ो समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के जनता मैदान में आयोजित किया गया। अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष रंजू कुमारी ने की। बैठक में प्रखंड सचिव सविता कुमारी, भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह मुख्य रूप से शामिल थे।

आयोजित बैठक में आगामी 9 फरवरी को समस्तीपुर के मालगोदाम चौक स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कन्वेंशन करने, 16 फरवरी को ताजपुर जनता मैदान में प्रखंड स्तरीय कन्वेंशन करने, 24 से 26 फरवरी तक दिल्ली में ऐक्टू के राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने, 9 मार्च को पटना के गांधी मैदान में महाजुटान रैली में प्रखंड से बड़ी भागीदारी दिलाने, स्थानीय स्तर पर आशा कार्यकर्ता से वसूली एवं शोषण बंद करने के खिलाफ आंदोलन चलाने समेत अन्य निर्णय लिया गया।

बैठक को स्कीम वर्कर्स के लीडर एवं भाकपा माले के बिहार विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने वाट्सएप के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि आशा को पारितोषिक शब्द हटाकर मानदेय देने, आशा को राज्यकर्मी का दर्जा एवं वेतन देने की लड़ाई सरकार से संगठन लड़ रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में आशा कार्यकर्त्ता को मानदेय, अधिक राशि समेत अन्य सुविधाएं दिया जा रहा है, लेकिन बिहार में जदयू-भाजपा की नीतीश सरकार आश्वासन देकर मुकर गई है।

यह आशा बहनों के साथ अन्याय है। इस अन्याय के खिलाफ आशा समेत तमाम स्कीम वर्कर्स का आगामी 9 मार्च को बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में महाजुटान रैली है। हमें तमाम स्कीम वर्कर्स तक इस मैसेज को पहुंचाकर बड़ी भागीदारी से महाजुटान रैली को सफल बनाना है।

संघ के सचिव सविता कुमारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं से विभागीय स्तर पर वसूली एवं शोषण बंद हो। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर आशा कार्यकर्त्ता से वसूली एवं शोषण बंद हो अन्यथा भाकपा माले आशा के साथ मिलकर आंदोलन चलाने को बाध्य होगी।

बैठक में रेखा कुमारी, बबीता कुमारी, निशा देवी, अर्पणा देवी, मोनिका कुमारी, मंजू कुमारी, पुनम देवी, कुमारी मंजू किरण, पुनम कुमारी, कुमारी ममता, वीणा देवी, रेखा देवी आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *