विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। स्वयंसेवी संस्था सत्यलोक ने बच्चों में सेल्फ डिफेंस एवं फिटनेस क्लास की शुरुआत की है। संस्था का उद्देश्य बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाना है।
गोमिया प्रखंड के हद में स्वांग के स्वयंसेवी संस्था सत्यलोक ने गांधी ग्राम एवं पिपराडीह के बच्चों के लिए मुफ्त सेल्फ डिफेंस एवं फिटनेस क्लास की शुरुआत 19 जनवरी से की है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना है। सेल्फ डिफेन्स कार्यक्रम का संचालन ब्लैक बेल्ट शोडान युगल किशोर द्वारा किया जा रहा है।

युगल किशोर ने बच्चों को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण तकनीकों और फिटनेस के महत्व को सिखाने का बीड़ा उठाया है। उनका मानना है कि आत्मरक्षा न केवल बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि उन्हें किसी भी मुश्किल स्थिति से निपटने के लिए तैयार करती है। जानकारी देते हुए सत्यलोक के संस्थापक निदेशक एस. एन. राय ने कहा कि इस पहल को सफल बनाने में सत्यलोक संस्था के सभी सदस्य अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इसके लिए ग्राउंड लेवल पर कार्यरत टीम ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच जागरूकता फैलाने और उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ने में अथक प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सत्यलोक संस्था का यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगा और बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने में मदद करेगा।
![]()













Leave a Reply