साभार/ नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित (Shiela dixit) का शनिवार को निधन हो गया। 81 वर्षीय शीला दीक्षित लंबे समय से बीमार थीं। फिलहाल कांग्रेस (Congress) ने उन्हें दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे रखी थी। 15 साल तक राजधानी की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित का दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में निधन हो गया। बता दें कि अपने निधन से कुछ दिनों पहले तक वह राजनीति में खासी ऐक्टिव थीं और हाल ही में उन्होंने दिल्ली में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी की थी।
यही नहीं कांग्रेस पार्टी दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें सीएम के चेहरे के तौर पर उतारने की तैयारी में थी। दिल्ली में कांग्रेस की सरकार जाने के बाद केरल की राज्यपाल भी रही थीं। इसके अलावा कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर भी पेश किया था। शीला को हमेशा से गांधी-नेहरू परिवार का करीबी माना जाता था।
शीला दीक्षित को समन्वयवादी राजनीति और विकास का चेहरा माना जाता रहा है। दिल्ली में मेट्रो के नेटवर्क का विस्तार हो या फिर बारापूला जैसे बड़े रोड नेटवर्क उन्हीं की देन माने जाते हैं। दिल्ली में उनके सहयोगी मंत्री रहे महाबल मिश्रा ने शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देते हुए कहा उनके निधन से हुए नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती।
पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट कर शीला दीक्षित ने निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘शीला दीक्षित जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वह मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं। दिल्ली के विकास के लिए उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किए। उनके परिवार और समर्थकों को मेरी सांत्वना। ओम शांति।’
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind) ने शीला दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘दिल्ली की पूर्व सीएम और सीनियर नेता शीला दीक्षित के निधन की खबर से दुखी हूं। उनका कार्यकाल दिल्ली में बदलाव का दौर था, जिसके लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके परिवार और साथियों के प्रति संवेदनाएं।’
दिग्गज महिला नेता के निधन पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, ‘दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती शीला दीक्षित जी के देहांत की खबर सुनकर व्यथित हूं। दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान शीला जी की दिवंगत आत्मा को शांति दे। ॐ शांतिः।’
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने भी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘शीला दीक्षित जी के निधन की हाल ही में खबर मिली है। यह दिल्ली के लिए बड़ी क्षति है। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मैं ह्रदय से संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
![]()












Leave a Reply