अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला के सहकारिता प्रदर्शनी में 6 दिसंबर को चली सरकार जनता के द्वार नाटक का मंचन किया गया।
प्रस्तुत नाटक में किसानों को बिचौलियों से बचने की सलाह दी गई। किसानों को उनकी खेती और उनसे हुए फसल की अधिक से अधिक मुनाफा हो इसके लिए धान सहित अन्य सभी उत्पादों को निकटवर्ती पैक्स काउंटर पर ही जाकर बिक्री करने का सुझाव दिया गया।
इस अवसर पर कलाकारों ने मुनिया के माई ए ललमुनियां के माई, आओ आओ नाटक देखे गीत की प्रस्तुति के माध्यम से मेला दर्शकों को प्रदर्शनी मंडप में आने के लिए आकर्षित किया गया। नाटिका के माध्यम से किसानों को पैक्स का सदस्य बनने के लिए आधार नंबर, आवासीय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाईल नंबर और 11 रुपया नगद की व्यवस्था करने की सलाह और जानकारी दी गई। साथ हीं बताया गया कि इन सभी जरूरी कागजातों को जमा करने के बाद तब आयेगा मैसेज कि आप बन गए पैक्स सदस्य।
उक्त नाटक के माध्यम से किसानों को जानकारी दी गई कि
पैक्स के काउंटर पर धान बेचने पर 2300 रुपया प्रति क्विंटल धान का मूल्य मिलेगा। सब्जी भी काउंटर पर बेचें। उचित मूल्य मिलेगा। बैंक भी गांव से दूर हैं तो कोआपरेटिव बैंक में खाता खुलवालें। यहां किसानों को रियायत पर लोन भी मिलेगा। धन लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।तबीयत खराब होने पर जन औषधि केंद्र से सभी तरह की जेनरिक दवाएं भी सस्ती कीमत पर खरीदें।
उक्त नाटक से यही संदेश दिया गया कि गरीब किसान महाजन से सूद पर रुपया लेकर खेती करता है।दिन रात मेहनत कर धान की बढ़िया फसल उगाता है। जब वह बाजार में बिक्री के लिए जाता है तो वहां बिचौलियों की वजह से 1300 या 1400 रुपए क्विंटल धान बिक्री करने की नौबत आती है। महाजन कर्ज चुकाने की धमकी देता है।
अंततः किसान खेती छोड़ कर बाहर कमाने जाने के लिए पत्नी से जिद करता है। पत्नी नहीं जाने देना चाहती। गांव के जानकार उसे स्थानीय पैक्स अध्यक्ष के पास ले जाते हैं, जहां उसकी समस्याओं का समाधान होता है। उसकी फसलों का उचित दाम मिलता है और वह कर्ज से मुक्ति पा खुशहाल किसान बन जाते है।
133 total views, 2 views today