मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और राज्य के बाकी हिस्सों में हो रही बारिश लोगों के लिए ‘आफत’ बन गई है। इस बारिश में अब तक 27 लोगों की मौत की खबर है। पिछले कई दिन से हो रही लगातार बारिश के चलते कभी ना थमने वाले मुंबई शहर की रफ्तार पर मानो ब्रेक लग गया है। सड़कों पर पानी भर गया तो रेलवे स्टेशन और रनवे भी इससे खासे प्रभावित हुए। यही नहीं, घर और दुकानों में पानी के घुसने से हालात और बेकाबू हो गए हैं।
बारिश के कहर से पूरा शहर परेशान है तो अब नौसैनिक भी मैदान में उतर गए हैं। इसे दशक की सबसे भारी बारिश बताया जा रहा है। जबकि लगातार हो रही बारिश से दीवार गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना में 18 लोगों की मौत हो गई तो 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना मलाड ईस्ट के पिंपरीपाड़ा इलाके की है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई पूर्वी मलाड इलाके के पिम्परीपाड़ा स्थित एक परिसर की दीवार ढह गई और पास की झुग्गियों में रहने वाले लोग उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में घायल हुए लोगों को नजदीक के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुट गई है और मलबा हटाया जा रहा है। अम्बेगांव में स्थित सिंहगड कॉलेज की दीवार गिरने से कई लोग चपेट में आ गए। यह हादसा रात करीब 1:15 बजे हुआ।
मलाड की घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मलाड में हुई दुर्घटना में गई जानों को लेकर वह दुखी हैं और सभी परिवारों के साथ हैं। सभी घायल लोगों के जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना करते हैं। सभी मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
![]()












Leave a Reply