Advertisement

जिन मतदान केन्द्रों पर 1500 से अधिक मतदाता, वहां बनेगा नया मतदान केन्द्र

जर्जर व् चलंत मतदान केंद्रों को निकटतम सरकारी भवन में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के लिये सारण जिला में कार्रवाई की जा रही है। इसको लेकर 26 सितंबर को सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में विधायक गण एवं सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहुत की गई।

बैठक में सभी सदस्यों के साथ दिये गए आपत्तियों के आलोक में ईआरओ की अनुशंसा पर एक-एक कर विधानसभा वार चर्चा की गई। कुछ मामलों में फिर से जिला स्तरीय टीम से जांच कराने की आवश्यकता बताई गई। कहा गया कि इन मामलों में पुनः जांच के उपरांत तैयार अंतिम सूची का प्रस्ताव भेजा जायेगा।

बैठक में कहा गया कि जिन मतदान केन्द्रों पर 1500 से अधिक मतदाता हैं, वहां आयोग के निर्देशानुसार नया मतदान केन्द्र बनाया जा रहा है। इसके साथ ही जर्जर भवन में स्थित मतदान केन्द्रों को निकटतम सरकारी भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है। सभी चलंत मतदान केन्द्रों को भी निकटतम सरकारी भवन में शिफ्ट किया जायेगा।

इन सभी मापदंडों के आधार पर सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर मतदान केन्द्रों की ड्राफ्ट सूची तैयार की गई। संशोधित ड्राफ्ट सूची में 10 नये मतदान केन्द्र प्रस्तावित किये गये।

बताया गया कि संपन्न लोकसभा आम निर्वाचन-2024 में सारण जिला में कुल 3029 मतदान केन्द्र थे। विगत बैठक में सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से आपत्ति/सुझाव मांगे गये थे। सभी प्राप्त आपत्ति/सुझावों के आलोक में ईआरओ द्वारा स्थलीय जांच कर अपनी अनुशंसा की गई।

बैठक में विधायक तरैया, विधायक सोनपुर, विधायक छपरा, विधायक मांझी, विधायक मढ़ौरा, सांसद एवं अन्य विधायकगण के प्रतिनिधि गण, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *