Advertisement

बुजुर्ग यात्री को टीटीई सविंद ने सीपीआर देकर बचाई जान

सोनपुर रेल मंडल प्रशासन द्वारा सविंद किए जाएंगे सम्मानित

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर- छपरा रेल खंड पर पवन एक्सप्रेस में बीते 23 सितंबर की रात्रि एक 65 वर्षीय बुजुर्ग रेल यात्री के लिए ऑन ड्यूटी टीटीई सविंद कुमार देवदूत साबित हुए।

हुआ यह कि रात में 65 वर्षीय बुर्जुग को हार्ट अटैक आ गया। ऑन ड्यूटी टीटीई सविंद ने बुजुर्ग यात्री को सीपीआर देकर जान बचाई। टीटीई की सतर्कता और तत्परता से बुजुर्ग यात्री की जान बच गई। यह घटना दरभंगा से लोकमान्य तिलक जा रही गाड़ी संख्या 11062 पवन एक्सप्रेस में घटी। रेल चिकित्सकों के सहयोग से छपरा में ट्रेन से उन्हें उतार कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पवन एक्सप्रेस में सफ़र कर रहे उपरोक्त 65 वर्षीय बुजुर्ग यात्री के बारे में बताया गया कि वह ए-वन कोच में अपने भाई के साथ बनारस के लिए यात्रा कर रहे थे। इस दौरान वे बेहोश हो गए। उनके भाई ने रेल मदद पर इसकी जानकारी देकर मदद मांगी। उसके बाद सोनपुर कमर्शियल कंट्रोल से कोच के टीटीई को जानकारी दी गई।

इसी बीच यात्री के साथ चल रहे उनके भाई ने अपने फ़ैमिली डॉक्टर से बात की। बताया कि वे पूरी तरह बेहोश हैं, सांसें चल रही है। फ़ैमिली डॉक्टर द्वारा उन्हें सीपीआर देने की सलाह दी गई।

सोनपुर -छपरा रेलखंड के बीच बेहोश यात्री को टीटीई द्वारा करीब 15 मिनट तक सीपीआर देने से उनकी आंख खुल गई। थोड़ी देर में ट्रेन छपरा स्टेशन पहुंच गई। वहां रेलवे के चिकित्सकीय दल पहले से मौजूद था। जिसके कारण बुजुर्ग को स्थानीय हास्पिटल में भर्ती कराया गया।

इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही तत्काल सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने टीटीई सविंद कुमार को सम्मानित करने की घोषणा की तथा सीनियर डीसीएम रौशन कुमार द्वारा भी नगद पुरस्कार से सम्मानित करने का घोषणा किया गया। इस उल्लेखनीय कार्य के लिए सोनपुर मंडल सविंद कुमार पर गर्व कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *