आगामी 15 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री करेंगे वर्चुअल मोड टीकाकरण कॉर्नर का उद्घाटन
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। बिहार सरकार ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के सुदृढीकरण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी जिलों के प्रत्येक प्रखंड के दो-दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर इम्यूनाइजेशन कॉर्नर विकसित करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर जिला स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिले के प्रत्येक प्रखंड के दो-दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को चिन्हित किया गया है, जहां टीकाकरण कार्नर खोला जायेगा।
जानकारी के अनुसार आगामी 15 सितंबर को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा वर्चुअल मोड टीकाकरण कॉर्नर का उद्घाटन किया जायेगा। इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, मंगलवार व गुरुवार) को शून्य से पांच साल तक के बच्चों के साथ साथ गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।
सरकार ने फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसे शुरू किया है। यदि, टीकाकरण कॉर्नर के माध्यम से संबंधित पंचायतों के लाभुकों को शत-प्रतिशत टीकाकृत किया जाता है तो इसे जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में संचालित किया जाएगा।

सारण के सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा ने 9 सितंबर को बताया कि इस पहल का उद्देश्य पूर्ण टीकाकरण के 95 प्रतिशत आच्छादन लक्ष्य की प्राप्ति करना है। उन्होंने बताया कि सरकार ने कहा है कि यह कदम टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत बनाने और गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है।
इस पहल से टीकाकरण कार्यक्रम को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी, और लाभुको को गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा है।
सिविल सर्जन ने बताया कि समाज के आखिरी पायदान के लाभुकों को संपूर्ण टीकाकरण के लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। ताकि, शून्य से पांच साल तक के बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं को संपूर्ण टीकाकृत किया जा सके।
इस क्रम में सारण जिला के हद में प्रत्येक प्रखंड के दो-दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का चयन किया जा चुका है। जहां के भवन और कमरों की स्थिति अच्छी है। इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के कमरों को टीकाकरण कॉर्नर बनाया जाएगा। जहां एएनएम द्वारा सप्ताह में तीन निर्धारित दिवसों को विशेष सत्र का संचालन किया जाएगा।
सीएचओ और एएनएम को दिया जायेगा प्रशिक्षण
सारण के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीएम) अरविन्द कुमार ने बताया कि इसके लिए चयनित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पंचायत और वार्ड में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाएगा। साथ ही, इसके लिए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि, टीकाकरण कॉर्नर के उद्देश्य को पूरा किया जा सके।
![]()













Leave a Reply