Advertisement

गजेन्द्र मोक्ष श्रीविग्रह का सवा क्विंटल दूध एवं सर्वोत्तम रस से अभिषेक

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर के विश्व विख्यात श्रीगजेन्द्रमोक्ष देवस्थान नौलखा मन्दिर में 4 अगस्त की संध्या मन्दिर को जगमग दीपक जलाकर सजाया गया। साथ हीं यहां भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया।

इससे पूर्व दिन में रवि-पुष्य के शुभ अवसर पर भगवान श्रीगजेन्द्रमोक्ष, श्रीबालाजी वेंकटेश्वर, श्रीमहालक्ष्मी, श्रीदेवी, भूदेवी, रामानुजाचार्य भगवान के श्रीविग्रह का सवा क्विंटल गाय के दूध एवं सर्वोत्तम रसायन रस से अभिषेक किया गया।

उपर्युक्त अवसर पर हरिहर क्षेत्र पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य जी महाराज ने कहा कि भगवान के अभिषेक में जिस वस्तु का प्रयोग किया जाता है, वह भक्त को एक अलग तरह का पुण्य फल देती है। जिसमें विशेष रूप से दूध, दही, घी, शहद, चीनी का प्रयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि दूध को धर्म की दृष्टि से सात्विक माना जाता है।

इसका मन पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि तीर्थ के जल से अभिषेक करने पर मोक्ष की प्राप्ति होती है। इत्र मिले जल से अभिषेक करने से बीमारी नष्ट होती है।

मन्दिर प्रबंधक नन्दकुमार बाबा ने बताया कि भगवान का पुष्याभिषेक दर्शन सभी मनोकामना पूर्ण करता है। उन्होंने कहा कि देवस्थानम् में हर माह पुष्य नक्षत्र में भगवान श्रीगजेन्द्रमोक्ष श्रीबालाजी वेंकटेश्वर का पुष्याभिषेक दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त होता है।

इस अवसर पर इन्दिरा झा, आशा देवी, रानी राॅय, दिलीप झा, पंडित नन्द किशोर तिवारी, पंडित विरेंद्र शास्त्री, शिव कुमार झा, गौरव झा, समाजसेवी लाल बाबू पटेल सहित दर्जनो दर्शनार्थी उपस्थित थे। सभी ने दुग्ध अभिषेक के पश्चात अन्त में क्षीरान्न प्रसाद ग्रहण किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *