एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड प्रदेश में लगातार हो रहे महिला अपराध, अत्याचार और वादाखिलाफी के खिलाफ आगामी 7 अगस्त पुरे झारखंड के जिला मुख्यालयों पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा प्रदर्शन किया जायेगा। इसी क्रम में भाजपा बोकारो जिला महिला मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना- प्रदर्शन कर घेराव करेंगी।
आयोजित होनेवाले धरना प्रदर्शन को लेकर एक अगस्त को भाजपा महिला मोर्चा बोकारो जिला की एक बैठक सेक्टर वन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित किया गया। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा महिला मोर्चा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयदेव राय, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गिरिजा देवी, कार्यक्रम प्रभारी रामा सिंह, भाजपा जिला महामंत्री संजय त्यागी व अनिल स्वर्णकार आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर महिला मोर्चा बोकारो जिलाध्यक्ष गिरिजा देवी की अध्यक्षता में आगामी 7 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन को लेकर व्यापक चर्चा कर रणनीति बनाई गई। बैठक में तय किया गया कि महिला अपराध और अत्याचार के खिलाफ माताएँ-बहनें जब संगठित होकर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरेगी तो समाज जागेगा। तभी राज्य की मदहोश सरकार का भ्रम भी टूटेगा।
बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि झारखंड की वर्तमान गठबंधन सरकार में महिला अत्याचार, दुष्कर्म, महिला अपराध एवं अपराधिक घटनाएं लगातार घटित हो रही है। सत्ता के नशे में मुख्यमंत्री समेत पूरी केबिनेट और सरकार मदहोश हैं, उन्हें महिलाओं के हितों की कोई चिंता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से कई वादे कर सत्ता प्राप्त करने वाली झामुमो- कांग्रेस गठबंधन सरकार ने महिलाओं से किया एक वादा भी अब तक पूरा नही किया। अब इस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि महिला शक्ति ने अब प्रण कर लिया है कि झूठी, अत्याचारी और महिलाओं के हक मारने वाली सरकार को जब तक उखाड़ नहीं फेंकेंगे, तब तक झारखंड में महिला सुरक्षा और महिला उत्थान का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सकता है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयदेव राय ने सभी महिला कार्यकर्ताओं से आगामी 7 अगस्त को बोकारो जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
बैठक में उपरोक्त के अलावा आरती राणा, सुनीता देवी, बबिता देवी, देवंती शर्मा, प्रीति गुप्ता, बबिता झा, रेशु सिन्हा, सरिता बरनवाल, राधा देवी, वर्षा चौधरी, मीनाक्षी सिंह, ममता गोस्वामी, कुमकुम राय, मंजू सिंह, पुष्पा मिश्रा, नीलम उपाध्याय, रूही देवी, सुनीता प्रसाद, भारती आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply