Advertisement

खाद्य आपूर्ति मंत्री ने नोवामुंड़ी, झींकपानी व् सरायकेला गोदाम का किया निरीक्षण

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता ने 18 जुलाई को सरायकेला-खरसावां तथा पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थित तीन एसएफसीआई गोदामों का निरीक्षण किया। निरिक्षण के क्रम में मंत्री ने गोदाम में कई अनियमितता पाये जाने पर विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार मंत्री गुप्ता सबसे पहले सरायकेला प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित गोदाम का निरीक्षण किया।जहां अजब-गजब गड़बड़ियां मिली। चावल, गेहूं, चीनी, चना दाल के स्टॉक की जांच के दौरान कोई खाद्यान्न स्टॉक से काफी कम तो कई स्टॉक से ज्यादा मिला।

यही नहीं सबसे चौकाने वाली बात यह सामने आयी कि उक्त गोदाम से 14 मई को एक वाहन क्रमांक- BR16/0975 खाद्यान्न लेकर एक दिन में सरायकेला, गम्हरिया तथा ईचागढ़ चार-चार बार गया तथा वापस गोदाम लौट आया। मामला अजीब लगने पर मंत्री का माथा ठनका।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को उक्त वाहन तथा उसके चालक का पता लगाने का निर्देश दिया। साथ ही उक्त वाहन कौन सा है। डिस्पैच चालान के अनुसार उक्त वाहन में कितना खाद्यान्न लोड किया गया था। सरायकेला गोदाम से सरायकेला, गम्हरिया तथा ईचागढ़ में किए गए डीएसडी (डोर स्टेप डिलीवरी) की दूरी का पता लगाने के साथ रिपोर्ट समर्पित करने के लिए कहा।

बताया जाता है कि मंत्री ने जब स्टॉक रजिस्टर की जांच की तो उसमें गड़बड़ियां मिलीं। चीनी 245 बोरा की जगह 158 बोरा मिला। इसी तरह गेहूं भी 2200 की जगह 189 बोरा कम मिला। जबकि चावल का स्टॉक मात्रा से 3382 बोरा ज्यादा पाया गया।

वहीं चना दाल भी 96 की जगह 181 बैग पाया गया। इस अनियमितता पर मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगायी तथा कहा कि गड़बड़ी साबित होने पर सभी जेल भेजे जाएंगे। उन्होंने मामले की जांच कर रिपोर्ट समर्पित करने के लिए कहा।

सरायकेला गोदाम का निरीक्षण करने के बाद मंत्री गुप्ता पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में स्थित नोवामुंडी गोदाम पहुंचे। वहां खुले में सड़ा हुआ नमक देखकर मंत्री भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगायी।

बताया जाता है कि वहां भी स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें खाद्यान्न में हेरफेर का मामला सामने आया। इसी तरह की गड़बड़ी झींकपानी गोदाम में भी मिली। मंत्री ने मौके से विभागीय उच्चाधिकारियों को दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *