Advertisement

जिला टास्क फोर्स ने कार वाशिंग गैराज से एक बाल श्रमिक को कराया विमुक्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देश पर गठित जिला धावा दल ने 27 जून को श्रम विभाग के नेतृत्व में बोकारो के सेक्टर 9 स्थित पिंटू कार वाशिंग गैराज से 13 वर्षीय एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया। जिला धावा दल का नेतृत्व श्रम अधीक्षक बोकारो प्रवीण कुमार कर रहे थे।

इस अवसर पर श्रम अधीक्षक ने कहा कि बाल मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। इसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में बाल मजदूरी तथा बाल तस्करी को रोकने के लिए अभियान जारी है।

कहा कि बाल शोषण के मामले की जानकारी कोई भी जिला टास्क फोर्स को दे सकता है। उसपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया की रेस्क्यू किए गए बाल श्रमिक को बाल कल्याण समिति बोकारो के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है, जिसे बाल सुधार गृह चास भेजा जा रहा है। धावा दल में श्रम विभाग कर्मी सुबल चंद्र गोप, नीरज सिन्हा, संतोष सिंह, सहयोगिनी के फुलेंद्र रविदास, अनिल कुमार हेंब्रम शामिल थे।

सहयोगिनी के बोकारो जिला समन्वयक फुलेंद्र रविदास ने कहा कि बचपन बचाओ आंदोलन के साथ मिलकर संस्था पूरे बोकारो जिले में बाल मजदूरी तथा बाल तस्करी को लेकर सघन रूप से कार्य कर रही है। कहा कि जिले में बाल तस्करी तथा बाल मजदूरी के किसी भी प्रकार के मामले की सूचना टोल फ्री नंबर में या टास्क फोर्स को दिया जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *