Advertisement

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक दुष्कर्मी गिरफ्तार

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में बेलसर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना गत 20 मई की शाम की बतायी जा रही है। इस मामले में गांव के ही तीन युवकों के विरुद्ध पीड़िता की मां ने वेलसर थाने में बीते 24 मई को गांव के ही 3 जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाई गयी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

बताया जाता है कि इस मामले में बीते 24 मई को पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए हाजीपुर भेजा था, लेकिन उसकी मेडिकल जांच नहीं हो सकी थी। बताया जाता है कि आरोपितों के डर से पीड़िता व उसकी मां ने दूसरे गांव में शरण ले रखी है।

बेलसर पुलिस को दिये आवेदन में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उसका पति दूसरे प्रदेश में रहता है। घर पर मां और बेटी रहती है। बीते 20 मई की शाम गांव के ही राजेंद्र भगत के घर पूजा कार्यक्रम से उसकी पुत्री अपनी सहेली के साथ भोज खाकर पगडंडी रास्ते से घर लौट रही थी।

इस दौरान गांव के ही विवेक कुमार, विकास कुमार, मनीष पासवान तथा एक अज्ञात युवक ने लीची बगान में उसकी पुत्री तथा उसकी सहेली को पकड़ लिया। बताया गया कि उसकी पुत्री की सहेली आरोपियों के चुंगल से किसी तरह बच कर भाग निकली, लेकिन उसकी पुत्री के साथ आरोपितों ने दुष्कर्म किया।

पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची तो डर से तबीयत खराब होने की बात बतायी। जब तबीयत ज्यादा खराब होने लगी तो उसने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में जानकारी दी। आरोप है कि आरोपितों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है।

इस घटना के बाद वैशाली थाना के बेलसर ओपी में कांड क्रमांक-182/24 भादवि की धारा 341, 323, 376, 506/34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की घर पकड़ के लिए कई जगह छापामारी की। बताया जाता है कि बीते 25 मई को उक्त मामले के एक आरोपी मनोरा रहिवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *