Advertisement

हरला में उत्पाद विभाग की छापेमारी में जावा महुआ एवं अवैध चुलाई शराब जब्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लोकसभा चुनाव को देखते हुए बोकारो जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मई को सहायक आयुक्त उत्पाद बोकारो के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में जिला उत्पाद टीम ने हरला थाना क्षेत्र में छापेमारी की गयी।

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग द्वारा हरला थाना क्षेत्र के वास्तेजी ग्राम के दामोदर नदी किनारे रानीपोखर पंचायत में संचालित अवैध शराब निर्माण स्थल पर छापेमारी की गयी। छापेमारी में उत्पाद विभाग की टीम ने यहां से 6,800 किलोग्राम जावा महुआ शराब एवं 560 लीटर अवैध चुलाई शराब को जब्त किया। वहीं, अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले वस्तुओं को नष्ट कर दिया गया।

बताया जाता है कि छापेमारी के क्रम में कथित आरोपी फरार हो गया। टीम द्वारा अभियुक्त छोटू बर्णवाल पर उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद संजीत देव, अवर निरीक्षक सदर कृष्णा प्रजापति, अवर निरीक्षक उत्पाद तेनुघाट दीपिका कुमारी सहित महिला पुरुष सशस्त्र बल शामिल थे।

ज्ञात हो कि, 25 मई को बोकारो जिला में धनबाद तथा गिरिडीह संसदीय सीट के लिए चुनाव होना है।लोकसभा चुनाव को लेकर बोकारो जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

उपायुक्त बोकारो ने सहायक आयुक्त उत्पाद को लगातार अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण तथा बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उत्पाद विभाग की टीम द्वारा लगातार छापेमारी के बाद भी बोकारो जिले में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *