बिहार भेजी जा रही थी शराब की खेप, चालक गिरफ्तार, गिरोह के पर्दाफाश की तैयारी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह पुलिस ने शराब तस्करों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने डाक सेवा वाहन क्रमांक-BR01GF/3640 से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। वाहन में कुल 85 पेटी विदेशी शराब लोड था, जिसे बिहार भेजा जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक बालीडीह पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर डाक सेवा की उक्त वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में शराब की भारी खेप पाई गई। बरामद विदेशी शराब पंजाब निर्मित बताया जा रहा है और कई नामी ब्रांडों की थी। तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए डाक सेवा वाहन का सहारा लिया, ताकि पकड़ में न आएं। पुलिस की सतर्कता से उनकी यह योजना असफल रही।
बताया जाता है कि पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि चालक लगातार लोकेशन बदलने की कोशिश कर रहा था और पुलिस को चकमा देने की योजना में था। फिलहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित तस्कर गिरोह सक्रिय है। बालीडीह पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल एक बड़ा अपराध रोका गया, बल्कि अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का महत्वपूर्ण सिरा भी हाथ लग गया है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
![]()













Leave a Reply