प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। झारखंड के जामताड़ा जिला के हद में मृगापहाड़ी ब्लॉक फतेहपुर में अपने 22 वर्षीय पुत्र राहुल गोस्वामी की निधन के 8 दिन बाद उनके पार्थिव शरीर तक पहुंच पाई उसकी मां मोनी गोस्वामी व चाचा दिवाकर गोस्वामी। यह संभव हो पाया है झारखंड विधानसभाध्यक्ष के प्रयास से।
जानकारी के अनुसार माँ व चाचा दोनों देवघर हवाई अड्डा से गुजरात के सूरत पहुंचे। वहाँ से 200 किलोमीटर बस से यात्रा कर फतेहपुर पहुंचे, जहाँ शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। यह संभव हो पाया झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो के सकारात्मक पहल पर एवं डुमरी के विधायक जयराम महतो के द्वारा गुजरात पुलिस से की गई बातचीत के बाद।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक राहुल गांव के अन्य साथियों के साथ एक वर्ष पहले मजदूरी करने गुजरात गया था, जहां बीते 11 अक्टूबर को उसका संदेहास्पद निधन होने की खबर विधवा माँ मोनी गोस्वामी व बेटी समेत अन्य परिजनों को मिली। गुजरात पुलिस ने राहुल की मां से दूरभाष पर संपर्क कर बताया कि प्रथम दृष्टया उनके पुत्र द्वारा कथित रूप से सुसाइड करने जैसा प्रतीत हो रहा है। इस घटना के बाद मृतक के पार्थिव शरीर तक माँ को गुजरात पहुँचने में काफ़ी जद्दो जहद करना पड़ा।
मृतक की मां ने बोकारो जिला के हद में बालीडीह के अपने रिश्तेदार एवं युवा समाजसेवी कुंदन कुमार दास से संपर्क किया। इसके बाद दास ने गुजरात पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली और एक सप्ताह बाद शव का पोस्टमार्टम नहीं होने व अत्यंत निर्धन परिजनों का गुजरात तक जाने का कोई प्रबंध नहीं होने को लेकर युवा समाजसेवी विपिन मुख़र्जी को अवगत कराया। विपिन ने मृतक मजदूर के स्थानीय गांव के विधायक एवं झारखंड विधानसभाध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो से दूरभाष से सम्पर्क कर स्थिति से अवगत कराया एवं माँ- चाचा के लिए गुजरात तक जाने का प्रबंध कराने का आग्रह किया।
स्पीकर महतो ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए जामताड़ा जिला उपायुक्त को निर्देश दिया कि मृतक की माँ व चाचा के लिए फ्लाइट की दो टिकट का इंतजाम कराया जाय। कई दिनों की मेहनत और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद बीते 17 अक्टूबर को जामताड़ा डीसी कार्यालय की पहल पर फ्लाइट टिकट की व्यवस्था कर राहुल गोस्वामी का पार्थिव शरीर तक पहुंच गयी उसकी मां। अपने बेटे का पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर शव को लपेट कर वह दहाड़ मारकर रोने लगी। जिससे माहौल गमगीन हो गया।
बताया जाता है कि राहुल के शव का पोस्टमार्टम के बाद 19 अक्टूबर को अंतिम संस्कार किया गया। इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए जामताड़ा प्रशासन एवं विधानसभाध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो एवं डुमरी विधायक जयराम महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मृतक की मां ने बताया कि गुजरात में ही बेटे का दाह संस्कार कर दिया गया।
![]()













Leave a Reply