Advertisement

डीएवी तेनुघाट में 77वाँ गणतंत्र-दिवस समारोह हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी की प्रातः बोकारो जिला के हद में डीएवी तेनुघाट में प्राचार्या स्तुति सिन्हा ने झंडोत्तोलन किया। तत्पश्चात् उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया।

इस ऐतिहासिक दिवस पर विद्यालय परिसर में प्रायोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आरंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में अंग्रेजी भाषा में रुद्र गुप्ता, सुर्याशु तिवारी, निलय टोपो एवं हिन्दी भाषा में अनिकेत हालदार, श्रेयश तिवारी द्वारा गणतंत्र दिवस पर विचार व्यक्त किया गया तथा नन्हें-मुन्हें बच्चों द्वारा देशभक्ति परक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए जो प्रेरक एवं मनमोहक रहा।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में अमीष सेठी द्वारा राष्ट्र भक्ति परक गीत पर सुन्दर नृत्य प्रस्तुत किया गया। साथ ही बच्चों द्वारा गाँधीजी के जीवन से जुड़ी स्वतंत्रता आंदोलन की जीवंत प्रस्तुति की गई। प्राचार्या स्तुति सिन्हा ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए गणतंत्र दिवस के महत्त्व को बताया तथा बच्चों को एक आदर्श नागरिक बनकर संवैधानिक नियमों के पालन करने की बात कही। साथ ही उपस्थित अभिभावकों का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम का समापन हलधर महतो द्वारा तथा कार्यक्रम का संचालन संस्कृति कुमारी (कक्षा बारहवीं) एवं सृष्टि कुमारी (कक्षा नौवीं) के द्वारा अंग्रेज़ी एवं हिन्दी भाषा में एवं निर्देशन अंग्रेजी शिक्षक संदीप कुमार के द्वारा किया गया। वहीं अनुमंडल स्तरीय कार्यक्रम चिल्ड्रेन पार्क तेनुघाट में विभिन्न विद्यालयों के मध्य डीएवी तेनुघाट ने दुर्गा से ड्रोन दीदी तक के सफ़र की खूबसूरत झाँकी प्रस्तुत की। वहीं परेड टीम एवं राष्ट्र गान गायन टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अतिथि स्वरुप मंटू यादव एवं लाल किशोर एलएमसी सदस्य द्वारा नेशनल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले छात्रों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *