गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को वैशाली जिला में 77वा गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में आयोजित किया गया।
इस मौके पर वैशाली के जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्र ध्वज तिरंगा को सलामी दी। गणतंत्र दिवस को लेकर जिलाधिकारी सिंह व पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने सबसे पहले परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के झांकी की प्रस्तुती देखी।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि हमारा देश आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में आए आप सभी का मैं हार्दिक अभिनंदन करने के साथ संविधान सभा के महापुरूषों के योगदान का भी स्मरण करती हूं। जिनके द्वारा निर्मित संविधान ने हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को निरंतर मजबूती प्रदान किया है।

समारोह के दौरान जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो सरकार की योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को दर्शा रही थी। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जिला के हद में लालगंज प्रखंड के पुरैनिया रहिवासी स्व. किशुनी सिंह के पुत्र स्वतंत्रता सेनानी महेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित सरकारी कार्यालय, महाविद्यालय एवं विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। नगर परिषद हाजीपुर कार्यालय में नगर सभापति संगीता कुमारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जिला मुख्यालय हाजीपुर में स्थित स्वतंत्रता सेनानी बसावन सिंह इंडोर स्टेडियम में इस बार पहली बार सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानी बसंत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।
![]()













Leave a Reply