Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में मनाया गया हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ 77वां गणतंत्र दिवस

डीआरएम ने की स्काउट एवं गाइड के अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति की सराहना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेल के हद में सोनपुर रेल मंडल में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन रेलवे स्टेडियम सोनपुर में किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए संविधान के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डाला। ध्वजारोहण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक सरन द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड का निरीक्षण किया गया तथा उनके अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति की भावना की सराहना की गई।

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सरन ने उपस्थित रेल परिवार के सदस्यों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस पावन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन सोनपुर की अध्यक्षा द्वारा शांति एवं सौहार्द के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे उड़ाकर आपसी भाईचारे, शांति एवं एकता का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान रेलवे स्टेडियम सोनपुर में मंडल कला समिति के कलाकारों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा द्वारा स्काउट एवं गाइड के बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप चार जोड़ी स्टैंड फैन भेंट किए गए। इसके अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा द्वारा उच्च शिक्षा के लिए चयनित विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप (मदद राशि) चेक के माध्यम से तथा टैबलेट प्रदान किए गए।

सम्मानित किए गए अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागी

कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक सरन ने मंडल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पूरे समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक समरसता की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *