Advertisement

एक दिन में पकड़े गए 7799 बेटिकट यात्री, 59 लाख से अधिक की जुर्माना वसूली

पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धि

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने बीते 23 जून को विशाल मेगा टिकट जांच अभियान संचालित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस विशेष अभियान में कुल 7799 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे ₹59,04,320/- की जुर्माना राशि वसूली गई। यह अब तक की किसी एक दिन में सोनपुर मंडल की सर्वाधिक राजस्व वसूली है।

बताया जाता है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार का सशक्त नेतृत्व, रणनीतिक योजना एवं सघन निगरानी प्रमुख कारण रहा है।
बताया जाता है कि टिकट जांच अभियान के संचालन में वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी, सहायक स्टाफ तथा रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने समन्वित रूप से भागीदारी निभाई है।

लाल गाड़ी, मेगा ड्राइव और सतत निगरानी का असर

ज्ञात हो कि यह उत्कृष्ट सफलता वाणिज्यिक विभाग की निरंतर, योजनाबद्ध एवं क्षेत्रीय स्तर पर सघन कार्रवाइयों का परिणाम है। लाल गाड़ी के तहत चल रही नियमित गहन जांच चलाई जा रही है। क्षेत्रीय मोबाइल टीमों द्वारा औचक जांच की जा रही है। प्रत्येक सप्ताह मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव चलाए जा रहे हैं। इन सभी प्रयासों ने यात्री अनुशासन में सुधार के साथ-साथ राजस्व में भी वृद्धि सुनिश्चित की है। यही कारण है कि रेल मंडल ने टिकट बिक्री में भी रिकॉर्ड वृद्धि अंकित की गई है। टिकट जांच की प्रभावशीलता का सीधा असर अनारक्षित टिकट प्रणाली () की टिकट बिक्री पर भी देखा गया।

बताया जाता है कि वर्ष 2025 में अब तक की युटीएस टिकट बिक्री आय में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पूर्व मध्य रेलवे के सभी मंडलों में सर्वाधिक है। इस समग्र अभियान को सफल बनाने में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। आरपीएफ ने वाणिज्यिक विभाग के साथ सक्रिय समन्वय करते हुए टिकट जांच टीमों को सुरक्षा एवं समर्थन प्रदान किया।

अभियान के दौरान अनधिकृत विक्रेताओं एवं प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से घूमने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की गई और आवश्यक दंडात्मक उपाय अपनाए गए। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील किया है कि वे बिना टिकट यात्रा न करें तथा भारतीय रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन करें। कहा गया है कि वैध टिकट लेकर यात्रा करना न केवल कानूनन आवश्यक है, बल्कि यह सभी यात्रियों के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुशासित रेल यात्रा सुनिश्चित करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *