भूस्वामी किसानों को दी जा रही जमाबंदी पंजी की प्रति
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र के बरबट्टा गांव में एक सितंबर को राजस्व महा अभियान शिविर में कृषकों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में सुबह से शाम तक कृषकों का आना- जाना जारी रहा।
उक्त शिविर में बताया गया कि अब तक लक्ष्य का लगभग 70 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। शिविर की खास बात यह रही कि जमाबंदी की प्रति के साथ-साथ आपसी बटवारा, उत्तराधिकार दाखिल खारिज याचिका प्रपत्र आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिविर में राजस्व कर्मचारी अजय कुमार और अभिषेक आनंद , विकास मित्र कुमारी रागनी और राकेश कुमार तथा स्पेशल सर्वे अमीन आशीष कुमार चौबे कृषकों की समस्याओं का निष्पादन करते दिखे।
इस अवसर पर उपस्थित राजस्व कर्मचारियों ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्र में कम से कम 7 दिनों के अंतराल पर दो तिथियों में शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा किसानों को आवेदन पत्र भरकर साक्ष्य के साथ जमा करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। उक्त शिविर में कई गांव के आए किसानों ने यह भी बताया कि बहुत सारे मामले ऐसे हैं जिसमें 50 वर्ष पहले खरीद की गई जमीन की अब तक दाखिल खारिज और जमाबंदी नहीं हो पाया है।

कहा कि पहले के भूस्वामी जमीन तो खरीदते थे, परंतु दस्तावेज को घर के किसी बक्से में रखकर निश्चित हो जाते थे कि चलो अब जमीन हो गई।दाखिल खारिज कभी भी कर लिया जाएगा। कई किसानों ने बताया कि उनकी जमीन का पूरा दस्तावेज या तो नष्ट हो गया है या अब पढ़ने लायक भी नहीं है। राजस्व कर्मचारी उनकी सभी बातों को सुनकर उचित परामर्श दे रहे थे।
![]()













Leave a Reply