Advertisement

गरिमामय पुरस्कार वितरण के साथ 68वाँ वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह का समापन

एस. पी. सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। रामगढ़ जिला के हद में सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र में 68वाँ वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह समारोह का 28 फरवरी को पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस) निदेशक सह खान सुरक्षा महानिदेशक उज्ज्वल ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में सभाध्यक्ष के रूप में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह सहित सीसीएल के निदेशकगण, खान सुरक्षा महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, श्रमिक संगठनों के सदस्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि यह वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह बीते वर्ष 2025 के दिसंबर माह में सुरक्षा से उन्नति थीम पर मनाया गया, जो खदान कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। इस अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड, टाटा स्टील लिमिटेड तथा फेयर कार्बन सहित अन्य प्रतिष्ठित संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खनन क्षेत्र में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करना, सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करना, ज़ीरो एक्सीडेंट के लक्ष्य को प्राप्त करना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों एवं कर्मियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना था।

समापन समारोह के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन, नवाचार, अनुशासन एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति पर विशेष बल दिया गया। विशेष आकर्षण के रूप में बरका सयाल क्षेत्र द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा मॉडल जो हाल के वर्षों में किए गए सतत प्रयासों, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीकों के उपयोग एवं सुरक्षित उत्पादन पद्धतियों पर आधारित था, को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने क्षेत्र की सुरक्षा एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खनन उद्योग में सुरक्षा सर्वोपरि के संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ। कहा गया कि सीसीएल अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक श्रमिक एवं हितधारक की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु उच्चतम सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए कृत संकल्पित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *