Advertisement

स्टेशन क्षेत्र के 45 राशन कार्डधारियों को तीन माह से नहीं मिला राशन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो दक्षिणी पंचायत के बेरमो स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले राशन कार्डधारियों को पिछले तीन माह से राशन मयस्सर नहीं हो पाया हैं। राशन नहीं मिलने की शिकायत पर बीते 15 अप्रैल को एक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता अफजल अनीस ने की।

बताया जाता है कि भोजन का अधिकार अभियान झारखंड के सदस्य अफजल अनीस एवं शोषित मुक्ति वाहिनी के महासचिव मुन्ना सिंह ने प्रभावित लाभुकों के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली। बैठक में लाभुकों ने आरोप लगाया कि जन वितरण प्रणाली दुकानदार राम बाबू पिछले तीन माह से राशन नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि डीलर समय पर दुकान नहीं खोलते हैं। मशीन में फिंगर लगवाने के बाद भी शिकायतकर्ता को राशन नहीं दिया जाता हैं। साथ हीं दुकान में अक्सर राशन उपलब्ध नहीं रहता है।

बैठक में कई लाभुकों ने बताया कि फिंगर लगवाने के दौरान तराजू में पत्थर रखकर वजन किया जाता है। डीलर द्वारा कई लाभुकों से केवाईसी के नाम पर अंगूठा लगवाकर राशन उठाव कर लिया गया, पर उन्हें दिया नहीं गया। वहीं कई लाभुको को राशन के बदले पैसे देकर टरका दिया गया।
जानकारी देते हुए अफजल अनीस ने बताया कि लाभुकों का कहना है कि वे रोज कमाने-खाने वाले मजदूर हैं और सरकारी राशन उनके लिए जीवन-निर्वाह का प्रमुख साधन है।

उपरोक्त पूरे मामले को लेकर अफजल अनीस, मुन्ना सिंह और लाभुक गुड़िया कुमारी के नेतृत्व में प्रभावित 45 लाभुकों का शिकायत पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी सह आपूर्ति पदाधिकारी बेरमो से मुलाकात कर सौंपी। पदाधिकारी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस बीच, अफजल अनीस ने राज्य खाद्य आयोग से भी मामले की शिकायत की है और सभी प्रभावित परिवारों को तीन माह का लंबित राशन शीघ्र उपलब्ध कराने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *