Advertisement

माओवादियों का 24 घंटे का बंद बेअसर, नहीं चली रांची रूट की बसें

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (झारखंड)। भाकपा माओवादियों के 22 जनवरी को 24 घंटे का झारखंड बंद कोल्हान क्षेत्र में बेअसर देखा गया। माओवादियों ने 15 लाख रुपये का ईनामी सहित अपने दो साथियों की गिरफ्तारी के खिलाफ बंद का आह्वान किया था।

जानकारी के अनुसार माओवादियों के झारखंड बंद का कोल्हान प्रमंडल में बेअसर देखा गया। इसका असर पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरु, मेघाहातुबुरु, बड़ाजामदा, गुवा आदि क्षेत्रों में देखने को नहीं मिल रहा है।

बताया जाता है कि 22 जनवरी की सुबह से ही आम दिनों की तरह सभी खदानों में उत्पादन व माल ढुलाई का कार्य जारी रहा। व्यापारिक व औद्योगिक प्रतिष्ठान, दुकान आदि खुले रहे। बंद की वजह से सिर्फ किरीबुरु से रांची रूट की यात्री बसें नहीं चली। जिला मुख्यालय चाईबासा व टाटा की बसों का परिचालन जारी है।

आम जन-जीवन भी सामान्य रहा। बंद से निपटने के लिए सीआरपीएफ व झारखंड पुलिस के पदाधिकारी व जवान अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त व सर्च अभियान चला रहे थे। वहीं गुवा पुलिस क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहे पर गश्त लगाते देखा गया। खबर लिखे जाने तक कहीं से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *