अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले के वरिष्ठ एवं आजीविका संकट से जूझ रहे 17 उत्कृष्ट कलाकारों को प्रतिमाह ₹3000 पेंशन दिया जायेगा। उक्त निर्णय डीएम अमन समीर की अध्यक्षता में छपरा स्थित कार्यालय कक्ष में 27 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में लिया गया।
बिहार राज्य के वरिष्ठ एवं आर्थिक रूप से विपन्न कलाकारों को मासिक पेंशन प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना लागू किया गया है। इस योजना के तहत राज्य के वरिष्ठ एवं आजीविका संकट से जूझ रहे उत्कृष्ट कलाकारों को मासिक ₹3000 पेंशन दिया जायेगा। इस योजना के तहत कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत सारण जिला के 18 कलाकारों से प्राप्त आवेदनों पर विचार किया गया।

निर्धारित अर्हता के आधार पर 17 आवेदन सही पाये गये। सभी 17 आवेदकों को इस योजना से लाभान्वित करने के लिए अनुशंसा भेजने का निर्णय समिति द्वारा लिया गया। बैठक में समिति के सदस्य जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, सदस्य सचिव, सदस्य कलाकार अशोक कुमार उपस्थित थे।
इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिये निर्धारित अर्हता
इसका लाभार्थी बिहार राज्य के ग्रामीण व् शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पारंपरिक शास्त्रीय, चाक्षुष एवं प्रदर्श कलाओं से जुड़े हों। कलाकार की आयु 50 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिये। कलाकार की वार्षिक आय ₹120000 से अधिक नहीं होनी चाहिये। जिला/राज्य/राष्ट्र स्तर पर संबंधित कला के क्षेत्र में न्यूनतम 10 वर्षों का सक्रिय योगदान हो।कलाकार किसी सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति के पश्चात पेंशन से लाभान्वित नहीं हों। कलाकार विभागीय पंजीयन पोर्टल पर पंजीकृत होने चाहिये।
![]()













Leave a Reply