Advertisement

खनन विभाग की छापेमारी में दूधमटिया से 130 टन अवैध कोयला बरामद

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में महुआटांड़ के दूधमटिया में बीते 29 नवंबर को खनन विभाग व् बोकारो पुलिस की संयुक्त छापेमारी में 130 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इसे लेकर खनन विभाग द्वारा क्षेत्र के कोयला माफियाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में महुआटांड़ थाना क्षेत्र के दुधमटिया के जंगल से जिला खनिज विभाग, वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त छापेमारी में एक सौ तीस टन से अधिक अवैध कोयला बरामद करने में सफलता मिली है। अवैध कोयला के छापेमारी अभियान में बोकारो के जिला खनन निरीक्षक सीताराम टुडू व अजय कुमार महतो, गोमिया वन विभाग के वनरक्षी निताय कुमार महतो, महुआटांड़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण महतो, सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा एवं अन्य पुलिस बल मौजूद थे।

बताया जाता है कि अवैध कोयले के उत्खनन और बरामदगी के मामले में बड़की पुन्नू रहिवासी संजय, दूधमटिया रहिवासी मुंशी महतो, निर्मल मुंडा, सोहन महतो और रोहन महतो के खिलाफ महुआटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के रहिवासियों के अनुसार गोमिया प्रखंड का महुआटांड़ थाना क्षेत्र कोल माफियाओं का स्वर्ग बना हुआ है।

कोयला माफिया बेखौफ होकर हर माह करोड़ों रुपए के कोयले की तस्करी कर मालामाल हो रहे है, जो क्षेत्र के लिए एक गंभीर विषय है। कोयला माफियाओं की मिलीभगत और दोषी अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए। रहिवासियों के अनुसार इस अवैध धंधे से राज्य के राजस्व की हानी हो रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *