Advertisement

महाराष्ट्र भूषण समारोह में 13 की मौत,18 लोगों का इलाज जारी

चिलचिलाती धूप में कई लोगों हुए बीमार

प्रहरी संवाददाता/मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रविवार को महाराष्ट्र भूषण समारोह में लू लगने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। 18 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं, इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं। नवी मुंबई के खारघर के डेढ़ सौ एकड़ के फैले मैदान में सुबह 11.30 बजे से 1 बजे तक यह कार्यक्रम चला। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री था।

इस समारोह में गृहमंत्री अमित शाह ने समाजसेवी दत्तात्रेय नारायण को अवॉर्ड (Award) दिया। समारोह में 7 लाख समर्थक शामिल हुए थे। सभी लोग कार्यक्रम देख और सुन सकें, इसके लिए मैदान में ऑडियो और वीडियो फैसिलिटी का पूरा प्रबंध किया गया था, लेकिन लोगों के बैठने के लिए जो व्यवस्था की गई थी, उसके ऊपर कोई शेड नहीं लगाया गया था। इस समारोह में धूप और गर्मी से कई लोगों की तबीयत खराब हो गई।

नवी मुंबई के खारघर स्थित विशाल मैदान में विशेष अतिथियों के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया था, जो पूरी तरह से ढका हुआ था। कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम को सुबह 10.30 बजे खत्म होना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक चला। उसके बाद भीड़ में लोगों को निकालने में समय लगा। डिहाइड्रेशन (Dehydration) की वजह से कई लोगों को चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ गई।

इस समारोह में गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे। मंच के सामने लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां तो लगाई गईं, लेकिन उनके सिर पर छाया नहीं था। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता दत्तात्रेय नारायण धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

सीएम का ऐलन मृतकों के परिवार को 5-5 लाख का मुआवजा

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लू के कारण अस्पताल में भर्ती हुए लोगों से मिलने गए। अस्पताल से बाहर निकलने पर उन्होंने मीडिया को बताया कि इस समारोह में 7-8 लोगों की जान गई है, जबकि 50 लोगों को लू लगने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था। इनमें से 24 लोगों का इलाज जारी है, बाकी लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया। वहीं फडणवीस ने ट्वीट किया कि सरकार इन सभी लोगों के इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी। उन्होंने लिखा कि यह बहुत दुख की बात है कि महाराष्ट्र भूषण अवॉर्ड समारोह में भाग लेने वाले कुछ सदस्यों की लू लगने से मौत हो गई। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।

उद्धव ठाकरे और अजित पवार ने घटना की जांच की मांग की
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने ट्रीटमेंट ले रहे लोगों से मुलाकात की है, 4-5 लोगों से बात की है। दो लोग गंभीर हालत में हैं। इवेंट ठीक तरीके से प्लान नहीं किया गया था।

इसकी जांच कौन करेगा? राकांपा नेता अजित पवार ने अस्पताल जाकर पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हमने देखा एक पेशेंट वेंटिलेटर पर है, उसकी हालत गंभीर है। बाकी लोगों ने हमसे बात की। यह बहुत ही गंभीर हादसा था, इसकी जांच की जानी चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *