हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में जिला पुलिस की अपराध निरोध गोष्ठी का आयोजन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला में स्थित अस्थायी पुलिस केन्द्र कैम्प में बीते 10 दिसंबर को जिला स्तरीय अपराध निरोध गोष्ठी आयोजित की गयी। गोष्ठी में सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट के कांडों को त्वरित निष्पादन करने एवं अपराध के गंभीर शीर्ष के वांछितों की गिरफ़्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
आयोजित अपराध निरोध गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर- 2, सोनपुर, मढ़ौरा- 1 एवं मढ़ौरा- 2, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक क्राइम, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, 3 प्रतीक्षारत पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं सभी शाखा प्रभारी तथा अभियोजन पदाधिकारी शामिल रहे।
गोष्ठी में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने विधि-व्यवस्था, अनुसंधान की गुणवता एवं कांडो के निष्पादन तथा सिटीजन सेंट्रिक पुलिसिंग के साथ-साथ विधि-व्यवस्था संधारण के लिए विभिन्न दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने पुलिस को जाने (नो योर पुलिस) प्रोग्राम आयोजित करने एवं स्कूली बच्चों का चयन कर थाना विजिट करवाने के लिए भी सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया।
बालू, शराब एवं भू-माफिया के अपराध से अर्जित सम्पति की जप्ती कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश
गोष्ठी में वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ आशीष ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को बालू माफिया, शराब माफिया एवं भू-माफिया के अपराध से अर्जित सम्पत्ति की जप्ती की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देशित किया। साथ ही, शिक्षण संस्थानों के आस -पास महिला एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं त्वरित सहायता के लिए जिले में गठित अभया ब्रिगेड को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त सभी थानाध्यक्षों को प्रत्येक दिन अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्लान ड्यूटी करवाने के लिए निर्देशित किया गया। सभी स्थानों पर लगातार वाहन चेकिंग करने के लिए आदेशित किया गया।
वाहन चेकिंग एवं रात्रि गश्ती के दौरान मास्क, गमछा, मफलर लगाये संदिग्ध एवं बाईकर्स गैंग पर कड़ी निगरानी से चेकिंग करने के लिए भी निर्देशित किया गया। गोष्ठी में सभी थानाध्यक्ष को थाना में आगंतुक पंजी संधारित करने एवं थाना में आने – जाने वाले प्रत्येक फरियादियों का नाम, पता, मोबाइल क्रमांक एवं थाना आने के उद्देश्य को आगंतुक पंजी में अंकित करने के लिए आदेशित किया गया।
थाना परिसर में डायरी राइटिंग कैम्प लगाने का निर्देश
गोष्ठी में सभी थानाध्यक्ष को थाना परिसर में डायरी राइटिंग कैम्प लगाकर सभी लंबित कांडो को निष्पादन करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा सभी थानाध्यक्ष को वारंटी के खिलाफ एस – ड्राइव चलाकर वारंट, सम्मन, कुर्की को निष्पादित करने एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के लिए निर्देशित किया गया। सभी थानाध्यक्ष को थाना में शिकायत व सुझाव पेटी को प्रत्येक दिन खोल कर देखने एवं जनता द्वारा की गयी शिकायतों का निवारण करने के लिए निर्देशित किया गया।
यह भी निर्देशित किया गया कि थाना क्षेत्रों में सक्रिय असमाजिक तत्वों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ हीं कहा गया कि प्रत्येक रविवार को दिन 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थाना में गुंडा परेड आयोजित करवाने एवं गुंडा पंजी के 14 शीर्ष को अद्यतन करने के लिए आदेशित किया गया। कहा गया कि सभी थानाध्यक्ष प्रत्येक महीना कम से कम 2 कांडो का निष्पादन करेंगे, जिसमें एक विशेष प्रतिवेदित कांड शामिल होंगे।
गोष्ठी में सीसीए-12 के तहत प्रत्येक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को कम से कम 5-5 प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देशित किया गया। सभी थानाध्यक्ष को सक्रिय अपराधकर्मियों, जेल से छुटे अपराधकर्मियों एवं फिरारियों की सूची को अद्यतन करते हुये नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। ईआरएसएस के तहत कंट्रोल रूम से प्राप्त होने वाली समस्याओं पर हर हाल में 20 मिनट के अंदर रिस्पॉन्स करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
थानों में करे आगंतुकों से नम्र एवं शालीन व्यवहार
गोष्ठी में वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ आशीष ने कहा कि प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी थानों में आने वाले आगंतुको से नम्र एवं शालीन व्यवहार रखें एवं उनकी समस्याओं को जानकर त्वरित निष्पादन करायें। कर्तव्य पर तैनात प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी हमेशा वर्दी मे रहें एवं उनका टर्न आउट उच्च कोटि का हो। पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के लिए प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयावधि के अंदर निष्पादन करें। कहा कि लापरवाही या शिथिलता पाये जाने पर सम्बंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक शनिवार थाना में आयोजित होने वाले भूमि-विवाद बैठक में भूमि-विवाद से सम्बंधित प्राप्त मामलों का निपटारा करें। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने क्षेत्रान्तर्गत प्रत्येक थाना से एक-एक कांड को स्पीडी ट्रायल के लिए कांड चिन्हित करने के लिए निर्देशित किया गया।

अपराध निरोध गोष्ठी में जानकारी दी गई कि माह-नवम्बर में विशेष अभियान चलाकर कुल-1156 (ग्यारह सौ छप्पन) अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें हत्या के कांड में-13, हत्या के प्रयास में-79, दहेज हत्या के कांड में-9, लूट के कांड में-3, आर्म्स अधिनियम के कांड में-11, एनडीपीएस (तंबकू निषेध) एक्ट में-2, अपहरण के कांड में-6. पॉक्सो एक्ट में-5, बलात्संग के कांड में-3, एससी/ एसटी एक्ट में-13, पुलिस पर हमला कांड में-12, दहेज अधिनियम में-3, आईटी एक्ट में-3, अन्य विशेष प्रतिवेदित कांड में 67, चोरी में-9, खनन कांड में-6, मद्यनिषेध में 553, वारंट में 324 तथा अन्य कांडों में-35 अभियुक्त शामिल हैं। इस अवधि में लंबित वारंट के निष्पादन को दृष्टिगत रखते हुए वारंट-1105 एवं कुर्की-28 का निष्पादन किया गया।
![]()













Leave a Reply