Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान में अब तक ₹32.62 लाख वसूली

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 16 जून को व्यापक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में ₹32.62 लाख राजस्व वसूली की गयी।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के नेतृत्व में आयोजित विशेष टिकट जांच अभियान में रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में एक साथ समन्वित कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत 16 जून की शाम 6 बजे तक कुल 4970 यात्रियों से ₹32,62,450/- (बत्तीस लाख बासठ हजार चार सौ पचास रुपये) का रेलवे राजस्व अर्जित किया गया।

बताया जाता है कि टिकट जांच दल द्वारा बिना टिकट, गलत श्रेणी, अनियमित यात्रा तथा मासिक पास के दुरुपयोग जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई। यह मेगा चेकिंग ड्राइव रात्रि 12 बजे तक जारी रहा। प्रबंधन द्वारा यह संभावना व्यक्त की गई है कि यह अभियान पिछले मेगा टिकट चेकिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए और अधिक रेल राजस्व की प्राप्ति कर सकता है।

संयुक्त टिकट चेकिंग में सोनपुर मंडल के अनुभवी टिकट निरीक्षकों, वाणिज्य निरीक्षकों तथा आरपीएफ की टीमों ने प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया। इस अवसर पर रेलयात्रियों को नियमित टिकट लेकर यात्रा करने हेतु जागरूक भी किया गया। साथ हीं कहा गया कि रेल प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे बिना टिकट यात्रा से बचें एवं रेलवे नियमों का पालन करें, जिससे यात्रा सुखद एवं सुरक्षित बनी रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *