Advertisement

कानून व् अधिकार के प्रति सजग रहे महिलाएं, अधिकार को लेकर बने हैं कानून-शर्मा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विश्व महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को बोकारो जिला के हद में कसमार में नागरिक मंच के तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गर्री पंचायत की मुखिया गीता देवी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवा निवृत पुलिस उपाधीक्षक एवं वर्तमान में झारखंड पुलिस अकादमी के तेज तर्रार प्रशिक्षक सूर्य भूषण शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए जन्म से लेकर मरण तक दर्जनों कानून बने हैं। घरेलू हिंसा, जेजे एक्ट, बाल विवाह, दहेज उत्पीड़न सहित नागरिक अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान किए।

इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से आठ दीप प्रज्वलित कर एवं कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों व् सहभागियों ने भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली महिला क्रांतिकारी की तस्वीर पर श्रद्धांजलि स्वरुप पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी जीवन जगन्नाथ ने किया। कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए जीवन जगन्नाथ ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने को है। कहा कि झारखंड स्थापना के 26 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं, फिर भी आज महिलाएं आजाद नहीं है। महिला तरह-तरह की यातना झेलने को मजबूर है। प्रतिदिन महिलाएं मरकर जिंदा रह रही है। प्रखंड से लेकर थाना तक महिलाओं को सुनने वाला कोई नहीं है।

इस अवसर पर उपस्थित जनों द्वारा महिला हिंसा मुक्त तथा बाल विवाह मुक्त प्रखंड बनाने का सामूहिक संकल्प लिए गए। इसी कड़ी में यह कार्यक्रम भविष्य के लिए एक कदम है जो मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए अतिथियों द्वारा कर्मठ जुझारू सफलता की ओर अग्रसर महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर, माला पहना कर तथा डायरी व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बैठक आदि करने के लिए दरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गर्री पंचायत की मुखिया गीता देवी ने कहा कि महिलाओं को अपना हक और अधिकार लेने के लिए घर से बाहर निकलना होगा। कहा कि आपकी उपस्थिति हमें ताकत देती है। हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि महिलाओं पर किसी प्रकार की हिंसा न हो। तारा देवी ने कहा कि महिलाओं को देवी के रूप से आगे आना होगा। अपना हक और अधिकार लेने के लिए महिलाओं को संगठित होने की सख्त आवश्यकता है। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन कमलेश जायसवाल ने किया।

मौके पर जगेश्वर हेंब्रम, दीपक कुमार गुप्ता, सुभाष महतो, विपिन भूषण शर्मा, गोलकनाथ ठाकुर, चंद्र रेखा मसीह, शांता मिश्रा, सानिया नुनेन, मंजू देवी, पिंकी देवी, सपना जायसवाल, स्वाति जायसवाल, कांति देवी, ममता कुमारी, मुन्नी देवी, सागर महतो, मनोज कुमार साव, फुल कुमारी, सोनी कुमारी, सचिन प्रजापति आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *